40 हजार का वादा और 5 हजार एडवांस…, ऐसे रची गई थी हत्या की साजिश, पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बन्थरा थाना क्षेत्र में रेलवे कर्मचारी की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के अनुसार, इस सनसनीखेज वारदात को मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी (जो रिश्ते में उसका भांजा लगता है) के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल 24 मई 2025 की रात को रेलवे कर्मचारी सिद्धी प्रसाद अचानक लापता हो गए थे। उनकी पत्नी मंजू देवी ने अगले दिन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में उनका शव उनके ही घर के पीछे एक सूखे तालाब में मिला, सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बन्थरा थाना पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम ने मिलकर जांच शुरू की। कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शक की सुई खुद मंजू देवी और उसके भांजे आकाश वर्मा उर्फ लकी की ओर मुड़ी।
प्रेम कहानी में छिपी साजिश
पुलिस पूछताछ में आकाश वर्मा ने बताया कि वह मृतक का भांजा है और अक्सर उनके घर आता-जाता था। इसी दौरान उसके और मंजू देवी के बीच प्रेम संबंध बन गए। मंजू देवी अपने पति की शराबखोरी और गैरजिम्मेदार रवैये से परेशान थी। दोनों ने मिलकर सिद्धी प्रसाद को रास्ते से हटाने की साजिश रची। हत्या की योजना के तहत उन्होंने आकाश के दोस्त संजय कश्यप को 40,000 रुपये देने का वादा किया, जिसमें से 5,000 रुपये एडवांस दिए गए थे।

कैसे की गई हत्या?
घटना वाले दिन जब परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे, तब मंजू देवी ने आकाश को फोन कर घर बुलाया। आकाश और संजय ने मिलकर सिद्धी प्रसाद का गला रस्सी से कसकर हत्या कर दी। इसके बाद लोहे की पाइप से उनके सिर पर वार कर मौत की पुष्टि की। शव को पीछे तालाब के गड्ढे में फेंक दिया गया और हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी व पाइप को पास के नाले में फेंक दिया। पुलिस ने इन पर धारा 103(1), 238क और 353(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Also Read: Bareilly News: जमीन विवाद में बुजुर्ग महिला की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हथियार…

