Gonda News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में 13.95 लाख रूपए का घोटाला!
02 फरवरी को आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर स्थानीय सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के विशेष प्रयास से आयोजित किया गया था समारोह
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया के प्रयास से गोण्डा जिले के वजीरगंज स्थित पार्वती अरगा पक्षी विहार में 2 फरवरी को विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ थे। कार्यक्रम को भव्यता देने और अधिकारियों द्वारा सीएम योगी की नज़र में अपनी टीआरपी बढ़ाने के चक्कर में रूपए पानी की तरह बहाए गए थे। इस बहती गंगा में महेंद्र सिंह टेंट हाउस फर्म ने न सिर्फ हाथ धोए बल्कि 13.95 लाख रूपए का घोटाला कर डाला।

पानी की तरह खर्च किए थे रूपए
जिले के वजीरगंज के पार्वती अरगा पक्षी विहार में 02 फरवरी को केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के आर्द्रभूमि दिवस समारोह को पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक व सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग बलरामपुर की ओर से मनाया गया था। इस पूरे कार्यक्रम में मनकापुर के झिलाही बाजार की महेंद्र सिंह टेंट हाउस नामक फर्म को जिम्मेदारी सौंपी गयी थी। बीते 29 मार्च को कार्यक्रम के आयोजन में खर्च हुए सभी मदों को मिलाकर पीडब्ल्यूडी की ओर से 69.30 लाख रुपये का भुगतान महेंद्र सिंह टेंट हाउस नामक फर्म को किया गया, जबकि इससे पूर्व 05 मार्च को ही सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग, बलरामपुर से 19.95 लाख रूपए का भुगतान किया गया।

CM योगी ने पार्वती अरगा को लेकर की थी बड़ी घोषणाएं
मामले की जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित फर्म की ओर से पूर्व भुगतान छिपाया गया और धोखे से भुगतान करा लिया गया। छह मदों में 13.95 लाख रूपए भुगतान फर्म ने दोनों विभागों से ले लिया। स्थानीय सांसद व केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया के विशेष प्रयास से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें पहली बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पार्वती अरगा पक्षी विहार आए थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्वती अरगा को लेकर कई योजनाओं की भी घोषणा की थी।

सबसे बड़ी बात यह है कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ थे, जो भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति का दावा करते हैं और इस पर नकेल के लिए सख्त कदम उठाने के लिए जाने जाते हैं। इसके बावजूद घाघ घोटालेबाज ने जो दुस्साहस किया, वह अपने आपमें एक नजीर बन गई है। हालांकि, विभागीय जांच में 13.95 लाख रूपए का घोटाला उजागर होने के बाद अब लोक निर्माण विभाग खंड-एक के अवर अभियंता ललित कुमार पाठक ने नगर कोतवाली में महेंद्र सिंह टेंट हाउस फर्म झिलाही बाजार, मनकापुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

अवर अभियंता ने दर्ज कराया मुकदमा
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-1 के अवर अभियंता ललित कुमार पाठक ने कोतवाली नगर में मेसर्स महेंद्र सिंह टेण्ट हाउस, झिलाही बाजार, मनकापुर के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) व 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। एफआईआर में कहा गया है कि 02 फरवरी 2025 को पार्वती अरगा पक्षी विहार में आयोजित कार्यक्रम में निर्माण खंड-1 लोकनिर्माण विभाग गोण्डा व सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग बलरामपुर द्वारा कार्यक्रम संपादित कराया गया।
फर्म मेसर्स महेंद्र सिंह टेण्ट हाउस द्वारा पीडब्ल्यूडी खंड एक गोण्डा से कराई गई विभिन्न मदों में 69,30,707 रूपए का भुगतान 29 मार्च को लिया गया एवं सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग, बलरामपुर से 05 मार्च को 19,95,278 रूपए का भुगतान करा लिया गया। पूर्व में कराए गए भुगतान को छिपाया गया।
बाद में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उक्त फर्म द्वारा धोखाधड़ी करके कुल 06 मदों में 13,95,440 रूपए लोक निर्माण विभाग व सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग, बलरामपुर से दोहरा भुगतान प्राप्त किया गया है। इस संबंध में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर संबंधित फर्म के खिलाफ केस दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है।
Also Read: 2027 में सरकार बनी तो महिलाओं की भर्ती प्रक्रिया में लाएंगे बदलाव: अखिलेश यादव

