पाकिस्तान में बस और ट्रक की भीषण टक्कर, 11 लोगों की मौत, 33 घायल, क्रेन से निकाले गए यात्री

Pakistan Bus Truck Accident: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पकपतन जिले (Pakpattan) में यात्री बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बचाव दल को राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

अस्पताल अधिकारी डॉ. अहमद रजा ने एसोसिएटेड प्रेस (AP) को बताया कि बस के मलबे में कई यात्री फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन और भारी मशीनों की मदद ली गई। बचाव अभियान करीब तीन घंटे तक चला।

अस्पताल में घोषित हुई इमरजेंसी

हादसे (Pakistan Bus Truck Accident) के बाद अधिकारियों ने अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया। घायलों को तुरंत इलाज मिल सके, इसके लिए अतिरिक्त डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों को बुलाया गया। पुलिस और बचाव अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना पकपतन जिले में हुई।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी (Asif Ali Zardari) ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को चिकित्सा और राहत कार्यों में हर संभव सहयोग जारी रखने का निर्देश दिया।

पाकिस्तान में सड़क हादसों का सिलसिला

पाकिस्तान में खराब सड़कों, यातायात नियमों का कमजोर पालन और असुरक्षित ड्राइविंग के कारण सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पिछले महीने बलूचिस्तान प्रांत में बस और वैन की टक्कर में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए थे।

Also Read: ट्रंप राष्ट्रपति तो बने रहेंगे, लेकिन नहीं चलेगी मनमानी! मिडटर्म चुनाव के बाद इन 5 ताकतों पर लगेगी लगाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.