पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, कुख्यात जेपी यादव समेत 3 ढेर, थानेदार को भी लगी गोली
Patna Maner Police Encounter: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी जेपी यादव समेत तीन बदमाश मारे गए। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पटना भेजा गया है।
मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, बबलू कुमार और सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा के रूप में हुई है। तीनों हत्या समेत कई आपराधिक मामलों में वांछित थे। पुलिस के मुताबिक, इनका नाम मनेर में हुए पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड में भी सामने आया था। इस कार्रवाई को पटना एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
सुबह करीब 3 बजे शुरू हुई मुठभेड़
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीमें इलाके में अपराध नियंत्रण के लिए अभियान चला रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ आपराधिक इतिहास वाले लोग शेरपुर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी (Patna Maner Police Encounter) में थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ में गोली लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। करीब 18 राउंड पुलिस की ओर से फायरिंग हुई, जबकि अपराधियों ने 24 से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी थमने के बाद तीनों बदमाश घायल हालत में मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पैक्स अध्यक्ष की हत्या में जेपी यादव था मुख्य साजिशकर्ता
पुलिस के मुताबिक, तीनों अपराधी मनेर के व्यापुर इलाके के पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल थे। 19 अक्टूबर को महाअष्टमी की रात संजीत कुमार और पिंटू कुमार एक जगह बैठे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दी थीं। इस हमले में संजीत कुमार की मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार घायल हुए थे।
दानापुर-2 के एसडीपीओ एके झा के मुताबिक, इस हत्याकांड में बबलू कुमार और सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा ने शूटर की भूमिका निभाई थी, जबकि जेपी यादव मुख्य साजिशकर्ता था। तीनों की कई थानों में तलाश की जा रही थी।
घटनास्थल से हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ (Patna Maner Police Encounter) के बाद पुलिस ने मौके से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खोखे बरामद किए हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अपराधियों के अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
Also Read: महोबा में मां ने डेढ़ साल की बेटी को मार डाला, 5 बेटियां होने पर पति-ससुराल करते थे प्रताड़ित

