बरेली में नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी मुठभेड़ में घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली थाना इज्जतनगर पुलिस ने नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
क्या है मामला?
घटना 21 जून 2025 की है, जब एक नाबालिग किशोरी अपने कोचिंग सेंटर (O-2 कोचिंग सेंटर, गांधीपुरम) जा रही थी। इसी दौरान एक युवक ने कोचिंग के पास उसे परेशान किया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान 22 वर्षीय मुसब्बिर पुत्र मोहम्मद रईस, निवासी मठ कमल नयनपुर, थाना इज्जतनगर के रूप में की।
किशोरी के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला संख्या 584/2025 में धारा 78/352/351(3) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
जांच के दौरान जब पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कर्मचारी नगर क्षेत्र में कश्मीरी कोठी के पीछे एक बाग में छिपा हुआ है, तो टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की। लेकिन मुसब्बिर ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे उसे पैर में चोट लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार किया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

क्या मिला आरोपी के पास से?
- एक तमंचा (315 बोर)
- एक खोखा कारतूस
- दो जिंदा कारतूस
- एक बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ एक और मामला (मामला संख्या 589/2025) दर्ज किया है, जिसमें बीएनएस की धारा 109, 352, 351(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 शामिल हैं।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी
- विजेंद्र सिंह (प्रभारी निरीक्षक, थाना इज्जतनगर)
- उपनिरीक्षक सतीश, दीपक
- हेड कांस्टेबल सर्वेश
- कांस्टेबल अरुण, आशीष कुमार, प्रवेश कुमार
थाना इज्जतनगर की पुलिस टीम की इस कार्रवाई को लोगों द्वारा सराहा जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम लगातार उठाए जाते रहेंगे।
Also Read: Bareilly: अवैध मादक पदार्थ तस्करी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, स्मैक और चरस बरामद

