जलभराव पर नगर आयुक्त की सख्ती: पंपिंग स्टेशनों का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार
Sandesh Wahak Digital Desk : लखनऊ में सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद नगर निगम हरकत में आ गया है। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की आशंका को देखते हुए नगर आयुक्त गौरव कुमार खुद मैदान में उतरे और पंपिंग स्टेशनों से लेकर नालों तक का हाल जाना। उन्होंने जोन 1, 2 और 6 में औचक निरीक्षण कर जल निकासी की तैयारियों की समीक्षा की और जहां लापरवाही दिखी, वहां अधिकारियों की खिंचाई भी की।
वजीरगंज पंपिंग स्टेशन पर लिया जायजा, नागरिकों से भी की अपील
निरीक्षण की शुरुआत नगर आयुक्त ने वजीरगंज पंपिंग स्टेशन से की। उन्होंने पंपों की स्थिति, उनकी कार्यप्रणाली और मशीनों की क्षमता की जानकारी ली। निर्देश दिए कि पंपिंग स्टेशन पूरी क्षमता से संचालित हों, ताकि बारिश के समय किसी भी क्षेत्र में जलभराव न हो। साथ ही, उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नालों में कूड़ा न डालें और नगर निगम की सफाई व्यवस्था में सहयोग करें।
सिरकटा नाले पर लापरवाही पर फटकार
इसके बाद नगर आयुक्त पहुंचे सिरकटा नाले पर बने पंपिंग स्टेशन। यहां एक मशीन बंद मिली, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।
अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा:
“आगे से ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जरूरी हुआ तो सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी मनोज यादव, अभियंता और निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
हरीनगर नाले पर विशेष फोकस, सफाई के निर्देश
बालागंज वार्ड के हरीनगर नाले का भी निरीक्षण किया गया, जो कैटल कॉलोनी से होकर गुजरता है और हर साल जलभराव की समस्या से घिरा रहता है। नगर आयुक्त ने यहां नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और किसी भी हाल में पानी जमा न होने देने के निर्देश दिए।
महमूद नगर में फ्लोटिंग मटेरियल मिलने पर फटकार
निरीक्षण के दौरान महमूद नगर स्थित अहमद हसन की कोठी के पास के नाले में गंदगी और फ्लोटिंग मटेरियल मिला, जिस पर नगर आयुक्त ने जमकर फटकार लगाई। उन्होंने साफ कहा कि ऐसी स्थिति दोबारा मिलने पर कार्रवाई तय है।
पाटा नाले और हैदर कैनाल पर भी नजर, पंपिंग इकाइयों को अलर्ट पर रहने के निर्देश
जोन 2 में स्थित पाटा नाले और हैदर कैनाल का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बारिश के दौरान जलभराव की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पंपिंग इकाइयों को पूरी तरह तैयार रखें और संबंधित टीमों को अलर्ट मोड पर रखा जाए।
Also Read : बिजली विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप, निशातगंज में मचा…

