पाक मीडिया का दावा, पाकिस्तान दौरे पर आएंगे डोनाल्ड ट्रंप
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान की स्थानीय मीडिया में इन दिनों एक बड़ी खबर सुर्खियां बटोर रही है। दावा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सितंबर में पाकिस्तान का दौरा कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह पिछले 19 सालों में किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति का पहला पाकिस्तान दौरा होगा, जो दोनों देशों के संबंधों में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है।
पाक सेना प्रमुख के US दौरे के बाद तेज हुई अटकलें
यह अटकलें तब तेज़ हुई हैं जब हाल ही में पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर अमेरिका दौरे पर गए थे। उन्होंने वहां डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी, जिसके बाद दोनों देशों के संबंध मजबूत होने की खबरें आई थीं। व्हाइट हाउस ने भी फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का ‘दमदार अंदाज में’ स्वागत किया था। अब पाक मीडिया का दावा है कि ट्रंप भी इसी कड़ी में सितंबर में इस्लामाबाद का रुख कर सकते हैं।
हालांकि, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस दौरे को लेकर किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी होने से इनकार किया है। व्हाइट हाउस की ओर से भी अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई है।
दो दशकों बाद अमेरिकी राष्ट्रपति का पाकिस्तान दौरा
अगर डोनाल्ड ट्रंप सितंबर में पाकिस्तान जाते हैं, तो यह एक बड़ा घटनाक्रम होगा। पिछले लगभग दो दशकों में कोई भी अमेरिकी राष्ट्रपति पाकिस्तान दौरे पर नहीं गया है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश मार्च 2006 में पाकिस्तान दौरे पर गए थे, लेकिन उनके बाद कोई भी अमेरिकी राष्ट्रपति वहां नहीं गया। बुश से पहले बिल क्लिंटन साल 2000 में पाकिस्तान गए थे, हालांकि उनका दौरा सिर्फ कुछ ही घंटों का था।
Also Read: UP News: चंदौली पहुंचे सीएम योगी, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर दिए दिशा-निर्देश

