लखनऊ बना यूपी में स्वच्छता का सिरमौर, महापौर ने सफाई मित्रों को किया सम्मानित

Sandesh Wahak Digital Desk: स्वच्छता के क्षेत्र में लखनऊ ने एक बार फिर अपनी मेहनत और लगन का लोहा मनवाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देशभर में तीसरा और उत्तर प्रदेश में पहला स्थान पाने की उपलब्धि पर बुधवार को नगर निगम के जोन-2 कार्यालय में खास आयोजन हुआ। इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल का भव्य स्वागत किया गया, वहीं शहर को साफ-सुथरा रखने वाले सफाई मित्रों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत महापौर सुषमा खर्कवाल के स्वागत से हुई। जनप्रतिनिधियों ने फूल-मालाएं और बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पार्षद ममता चौधरी, गौरी सवारियां, कौमुदी त्रिपाठी, राजीव वाजपेई, राहुल मिश्रा, संदीप शर्मा, राजू दीक्षित, अजय दीक्षित, पूर्व पार्षद राजीव कृष्ण त्रिपाठी और राजू गांधी समेत कई नेता मौजूद रहे।

समारोह में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, अधिशासी अभियंता (जलकल) उत्कर्ष राय, अभियंत्रण विभाग के अधिकारी और जोनल सैनिटरी अधिकारी शामिल थे।

सफाई मित्रों के बिना संभव नहीं थी यह सफलता

इस कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया, जब सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने खुद उन्हें मालाएं पहनाईं, अंगवस्त्र भेंट किए, और कहा कि लखनऊ की इस ऐतिहासिक सफलता के असली हीरो हमारे सफाई मित्र हैं। उनकी मेहनत और समर्पण के बिना यह मुमकिन नहीं था।

देश में पहला स्थान बनाना अगला लक्ष्य: महापौर

अपने संबोधन में महापौर ने कहा, यह उपलब्धि लखनऊ के हर नागरिक, हर सफाई कर्मी, हर पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों की एकजुट मेहनत का नतीजा है। अब हमारा अगला लक्ष्य देश में पहला स्थान हासिल करना है। उन्होंने बताया कि जल्द ही “स्वच्छता जागरूकता रैली” भी आयोजित की जाएगी, जिसे तिरंगा यात्रा के रूप में निकाला जाएगा, ताकि आम जनता को इस मुहिम से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम में दिखी एकजुटता की झलक

समारोह के अंत में सभी पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने महापौर को शुभकामनाएं दीं और यह संकल्प लिया कि आगे भी वे मिलकर लखनऊ को स्वच्छता की दिशा में नंबर-1 बनाने के लिए निरंतर काम करते रहेंगे।

 

Also Read: जगदीप धनखड़ जल्द खाली करेंगे उपराष्ट्रपति भवन, इस्तीफे के तुरंत बाद पैकिंग शुरू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.