Lucknow News: वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 14 चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद, 5 शातिर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वजीरगंज थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दोपहिया वाहनों की चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 14 चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद की गई हैं।
चोरी गई बाइक की तहरीर से शुरू हुआ खुलासा
दरअसल, 26 जुलाई 2025 को अलीपुर टिकरिया निवासी आलोक ने वजीरगंज थाने में अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक (UP32 NF 2973) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आलोक इलाज के लिए शारदा नारायण सिप्स हॉस्पिटल आए थे और वहीं से बाइक चोरी हो गई थी। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोर गैंग के सदस्य कुछ चोरी की बाइक के साथ सिप्स हॉस्पिटल, शहीद स्मारक और कैसरबाग पार्किंग के आसपास मौजूद हैं। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इन पांच शातिरों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए आरोपी
- सैय्यद मोहम्मद युसुफ (29 वर्ष), निवासी जौनपुर
- आदित्य (21 वर्ष), निवासी डालीगंज, लखनऊ
- सोनू उर्फ तबारक (21 वर्ष), निवासी गोरखपुर, हाल निवासी मड़ियाव
- अस्मित गुप्ता उर्फ ईशान (26 वर्ष), निवासी अमीनाबाद, लखनऊ
- संजय कुमार कश्यप (32 वर्ष), निवासी हरदोई, हाल निवासी दाउद नगर, लखनऊ
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन सभी आरोपियों पर लखनऊ के कई थानों में चोरी, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के दर्जनों मामले पहले से दर्ज हैं।
बरामद वाहन
पुलिस ने जिन दोपहिया वाहनों को बरामद किया है, उनमें हीरो स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर, पैशन प्रो, यामाहा एफजेड, टीवीएस अपाचे और होंडा एक्टिवा जैसी बाइक्स और स्कूटी शामिल हैं। अधिकतर गाड़ियां लखनऊ के अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई थीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वजीरगंज, चौक, गोसाईगंज, गुडंबा, ठाकुरगंज और विकासनगर थानों में 20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। सैय्यद मोहम्मद युसुफ और संजय कश्यप पर तो 10 से अधिक मामले दर्ज पाए गए हैं, जिनमें चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी और गिरोहबंदी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
पुलिस कर रही है आगे की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर ली है। बरामद वाहनों की डिटेल्स आरटीओ से मिलान कर संबंधित मालिकों को सूचित किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और रूट नेटवर्क की जांच भी जारी है।
Also Read: Barabanki News: क्षत-विक्षत हालत में मिला महिला सिपाही का शव, हत्या की आशंका

