Lucknow News: बंद घरों से चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, CCTV फुटेज से पकड़े गए शातिर चोर
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से बंद पड़े घरों में चोरी की वारदातें लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई थीं। अब पुलिस को इस सिलसिले में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक शातिर चोर और उसके दो नाबालिग साथियों को गिरफ्तार किया है, जो सुनसान मकानों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी को अंजाम देते थे।
4 अलग-अलग वारदातें, एक ही तरीका
पुलिस के अनुसार, 30 मई से लेकर 23 जुलाई 2025 के बीच बिजनौर थाना क्षेत्र में चार बड़ी चोरियों की घटनाएं दर्ज की गई थीं। सभी मामलों में एक जैसी कार्यशैली देखने को मिली चोर बंद पड़े मकानों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते और घर में रखे नकदी और जेवरात लेकर फरार हो जाते।
इन घटनाओं में चमन कॉलोनी, आर्यकुल कॉलेज के पास, मोहल्ला पटवारी और एक अन्य मोहल्ले में चोरी के केस दर्ज किए गए थे। पुलिस ने इन सभी मामलों में बीएनएस की धारा 305(ए) और बाद में धारा 317(2) जोड़ते हुए जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच ने खोला राज
थाना बिजनौर की पुलिस टीम ने इन वारदातों के सफल खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। 29 जुलाई की रात करीब 11:55 बजे पुलिस ने एक चोर नितिन पुत्र सुरेश (निवासी: कंकड़ कुआं, थाना बिजनौर, उम्र करीब 21 साल) और उसके दो नाबालिग साथियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी गए लगभग चार लाख रुपये के जेवरात बरामद हुए हैं।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोने की अंगूठियां, चेन, टप्स, बाली, लॉकेट और नाक की कील, चांदी की पायल, बिछिया आदि बरामद किया है। सभी सामान की कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस टीम को मिली सराहना
इस मामले की खुलासे में बिजनौर थाने के निरीक्षक गोविंद सिंह, अरुण कुमार, तेजवीर सिंह, रविंद्र कुमार सहित कई पुलिसकर्मियों की मेहनत और सतर्कता ने बड़ी भूमिका निभाई। नितिन और दोनों नाबालिगों के खिलाफ चोरी और आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
क्या थी इनकी “वर्किंग स्टाइल”?
पुलिस अधिकारी ने पुछताछ के बाद बताया कि आरोपी नितिन और उसके साथी बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और जब घर में कोई नहीं होता था, तो चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। ज्यादातर वे गहनों को निशाना बनाते थे और चोरी का माल आपस में बांट लेते थे।
Also Read: Lucknow News: वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 14 चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद, 5 शातिर गिरफ्तार

