लखनऊ में फायरिंग करने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने 29 आपराधिक मामलों का किया खुलासा
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले एक वांछित अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए शख्स की पहचान विशाल पाल उर्फ गोल्डी के रूप में हुई है, जिसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई एक ब्रेजा कार बरामद हुई है।
क्या था मामला?
यह घटना 21 सितंबर 2025 की है। पवन कुमार नाम के एक शख्स ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 सितंबर की देर रात सर्राफा बाजार में दुकान लगाने को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया था। इस दौरान श्रवण कुमार और विशाल पाल उर्फ गोल्डी ने गाली-गलौज और मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग भी की। शिकायत के बाद पुलिस ने दो टीमें गठित कीं और सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से विशाल पाल को बैकुंठ धाम, वीआईपी रोड से गिरफ्तार कर लिया।
29 आपराधिक मामलों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में विशाल पाल ने बताया कि वह अपने दोस्त के कहने पर विवाद वाली जगह पर गया था और लड़ाई बढ़ने पर उसने गोली चला दी थी, हालांकि पवन कुमार बाल-बाल बच गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त विशाल पाल उर्फ गोल्डी एक शातिर और पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ लखनऊ, सीतापुर और उन्नाव सहित कई जिलों में हत्या के प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: सिद्धार्थनगर में आरके हॉस्पिटल सील, प्रसूता की मौत के बाद संचालक समेत 4 लोगों पर केस दर्ज

