Fatehpur News: ड्राइवर को आई झपकी, टोल प्लाजा के पास तालाब में गिरी कार, प्रयागराज के 4 युवकों की मौत
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक तालाब में जा गिरी। इस भीषण हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) महेंद्र पाल सिंह ने घटना की पुष्टि की है।
शादी समारोह से लौट रहे थे युवक
एएसपी महेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, प्रयागराज के खुल्दाबाद क्षेत्र के लकड़मंडी इलाके के नौ युवक कानपुर के मोतीझील में आयोजित पाल समाज के विवाह सम्मेलन में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम देर रात खत्म हुआ, जिसके बाद वे कार से प्रयागराज लौट रहे थे।

बुधवार सुबह करीब चार बजे, जब वे बड़ौरी टोल प्लाजा के पास पहुँचे, तो उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और तालाब में जा गिरी। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी चार युवक प्रयागराज के खुल्दाबाद क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों में ननकी सोनकर (32), शिवम साहू (35), राहुल केसरवानी (33) और साहिल गुप्ता (28) शामिल हैं। वहीं राहुल गुप्ता (35), अमित कुमार विश्वकर्मा (30), नीरज पाल (30), सुमित (22) और महेश केसरवानी (32) घायल हो गए हैं।

