Lucknow News: एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 75 लाख रुपये की अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय एक अवैध शराब तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस दौरान करीब 75 लाख रुपये मूल्य की 575 पेटी अंग्रेजी शराब भी बरामद की गई है।
यह कार्रवाई 1 नवंबर को लखनऊ के किसान पथ इलाके में हुई। एसटीएफ को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक में यूरिया खाद की बोरियों के पीछे बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर बिहार भेजी जा रही है। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ की एक टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर ट्रक को रोका और तलाशी ली। तलाशी में 575 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
गिरफ्तार किए गए तस्कर की पहचान विश्ववेंद्र (पिता जितेंद्र) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के झज्जर जिले का रहने वाला है। उससे एक कंटेनर ट्रक और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पूछताछ में पता चला कि विश्ववेंद्र सोनू राठी, गुरनीत सिंह गोगिया और अतुल नाम के लोगों के एक संगठित गिरोह के लिए काम करता था। यह गिरोह हरियाणा और पंजाब से बिहार में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की सप्लाई करता था। तस्करी करने के लिए ट्रक में एक गुप्त कैविटी (खोखली जगह) बनाई गई थी। एक हिस्से में असली खाद रखी गई थी और दूसरे हिस्से में अवैध शराब छिपाई गई थी। विश्ववेंद्र को इस काम के लिए एक चक्कर का एक लाख रुपया मिलता था।

खुफिया जानकारी के आधार यह भी पता चला है कि इस अवैध शराब का इस्तेमाल बिहार में हो रहे चुनाव में किया जाना था। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पीजीआई थाना लखनऊ में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।
Also Read: अभिनेता धर्मेंद्र को सांस लेने में तकलीफ़ के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती, हालत स्थिर

