बलिया: पत्नी से विवाद के बाद युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, कुछ माह पहले हुई थी शादी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में फेफना थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई, जहां पत्नी से फोन पर हुए विवाद के बाद एक युवक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान फेफना थाना क्षेत्र के कपूरी नरायनपुर निवासी विश्वकर्मा शर्मा (28 वर्ष) के रूप में हुई है। विश्वकर्मा शर्मा वेल्डिंग का काम करता था और कुछ माह पहले ही उसकी शादी माल्देपुर में हुई थी।
मृतक के छोटे भाई अमित शर्मा ने बताया कि विश्वकर्मा और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके कारण उनकी पत्नी नाराज़ होकर अपने मायके चली गई थीं।
गांव वालों के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे भी विश्वकर्मा और उसकी पत्नी के बीच फोन पर कहासुनी हुई। इसके बाद, विश्वकर्मा शर्मा फोन पर बात करते हुए घर से निकला और रेलवे लाइन की ओर चला गया, जहां उसने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी।
फेफना थानाध्यक्ष विश्वदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि स्वजन की ओर से अभी कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है; तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: काशी की देव दीपावली का क्रेज़: दुबई-लंदन से भी महंगे बनारस में होटल के कमरे, दाम 1.50 लाख के पार

