252 करोड़ के ड्रग्स केस में ओरी से पूछताछ, सिद्धांत कपूर का बयान भी दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: बहुचर्चित 252 करोड़ रुपए के ड्रग्स मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरहान अवत्रमाणी उर्फ ओरी बुधवार को मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) की घाटकोपर यूनिट में पेश हुए। ओरी को ड्रग्स मामले में पूछताछ के लिए दूसरा समन जारी किया गया था, जिसके बाद वह निर्धारित समय पर एएनसी ऑफिस पहुँचे और उनका बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई।

ओरी को पहला समन 20 नवंबर को भेजा गया था, लेकिन उन्होंने 25 नवंबर तक अनुपलब्ध रहने की सूचना दी थी। इसके बाद एएनसी ने 21 नवंबर को दूसरा समन जारी कर उन्हें 26 नवंबर को उपस्थित होने का आदेश दिया था।

सिद्धांत कपूर से भी हुई पूछताछ

ओरी के अलावा, अभिनेता शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर को भी इस मामले में समन जारी किया गया था। सिद्धांत कपूर मंगलवार (25 नवंबर) को अपना बयान दर्ज करा चुके हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों हस्तियों से संबंधित कुछ जानकारी मुख्य आरोपी के बयानों में सामने आई थी, जिसके आधार पर उनसे पूछताछ की जा रही है।

यह बड़ा ड्रग्स मामला पिछले साल मार्च से शुरू हुआ, जब महाराष्ट्र के सांगली जिले में पुलिस ने मेफेड्रोन (Mephedrone – MD) ड्रग्स बनाने की एक अवैध फैक्ट्री पकड़ी थी। इस कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी विदेशी बाज़ार में अनुमानित कीमत करीब 252 करोड़ रुपये थी। जाँच में पता चला कि फैक्ट्री के मालिक मुख्य आरोपी सुहैल शेख और ताहिर डोला हैं। ये दोनों भारत और विदेशों में रेव पार्टियाँ आयोजित करते थे और इन्हीं पार्टियों में मेफेड्रोन और अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई की जाती थी।

Also Read: केंद्रीय कैबिनेट ने पुणे मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के फेज 2 को 9,857 करोड़ रुपए के खर्च के साथ दी मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.