South Africa Firing: जोहान्सबर्ग में ताबड़तोड़ गोलीबारी, 12 हमलावरों के हमले में 10 की मौत, 10 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में रविवार देर रात भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई है।

जोहान्सबर्ग के पश्चिम में स्थित बेक्कर्सडाल टाउनशिप में हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक यह हमला रात करीब 1 बजे (स्थानीय समय) हुआ।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जोहान्सबर्ग से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में हुई। शुरुआती जांच में गोलीबारी के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है।

न्यूज के हवाले से पुलिस ने कहा कि कुछ पीड़ितों को सड़क पर अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारी।

सोने की खदानों के पास स्थित इलाके में हमला

गौतेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। यह फायरिंग बेक्कर्सडाल के एक अनौपचारिक बार (टैवर्न) के पास हुई, जो दक्षिण अफ्रीका की प्रमुख सोने की खदानों के नजदीक स्थित एक गरीब इलाका है।

पुलिस के अनुसार, यह वही स्थान है जहां अवैध रूप से शराब बेचे जाने की जानकारी भी सामने आई है। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कारों में आए 12 हमलावर, भागते समय भी की फायरिंग

पुलिस के बयान के मुताबिक, एक सफेद कोम्बी और एक सिल्वर सेडान कार में सवार करीब 12 अज्ञात संदिग्धों ने टैवर्न में मौजूद लोगों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। हमलावरों ने मौके से फरार होते समय भी बेतरतीब ढंग से फायरिंग की।

दक्षिण अफ्रीका के सार्वजनिक प्रसारक एसएबीसी के अनुसार, हमलावरों ने न केवल टैवर्न के अंदर मौजूद ग्राहकों को, बल्कि बाहर सड़कों पर खड़े लोगों को भी निशाना बनाया।

पुलिस पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। राष्ट्रीय अपराध और प्रबंधन टीम को भी जांच के लिए मौके पर तैनात किया गया है।

उच्च अपराध दर से जूझ रहा दक्षिण अफ्रीका

गौरतलब है कि इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुई गोलीबारी में तीन साल के बच्चे सहित 12 लोगों की जान चली गई थी।

लगभग 6.3 करोड़ की आबादी वाले दक्षिण अफ्रीका में अपराध दर बेहद ऊंची है और यह देश दुनिया में सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में गिना जाता है।

Also Read: अमेरिका ने सीरिया में ISIS ठिकानों को किया तबाह, जवानों की मौत का लिया बदला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.