Amroha Police: मासूम से दरिंदगी करने वाले का हाफ एनकाउंटर, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

Amroha Police: जनपद के सैद नगली कस्बे में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई। एक साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची, जो अपने घर के बाहर बेफिक्र होकर खेल रही थी, एक वहशी दरिंदे की हवस का शिकार बन गई। हालांकि, अमरोहा पुलिस ने भी साफ कर दिया कि ऐसे अपराधियों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है, बुधवार तड़के एक एनकाउंटर के बाद आरोपी को अस्पताल पहुंचा दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 3:30 बजे, साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी एक युवक वहां पहुंचा और उसे बहला-फुसलाकर पास की एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने मासूम के साथ हैवानियत की हदें पार कर दीं। वारदात के बाद मासूम को लहूलुहान और मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी वहां से भाग निकला।

बच्ची के रोने की आवाज सुनकर जब राहगीर मौके पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देख लोगों का कलेजा फट गया। आनन-फानन में बच्ची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद खुद एक्टिव हुए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपी की पहचान हो सकी। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुट गईं। बुधवार तड़के जब पुलिस टीम आरोपी की घेराबंदी कर रही थी, तो उसने भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। यह मुठभेड़ हसनपुर क्षेत्र के पास हुआ। पैर में गोली लगने के बाद आरोपी को हसनपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने मुठभेड़ और गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

Also Read: यूपी में 20 IPS अफसरों के तबादले, किरन एस. बने लखनऊ के नए आईजी, अपर्णा कुमार को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.