लखनऊ में शटर काटकर चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, पुलिस ने 3 शातिर चोर दबोचे
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की अलीगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में रेकी कर बंद घरों और दुकानों के शटर तोड़कर चोरी करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन चोरों ने अलीगंज के रविन्द्र गार्डन और मड़ियांव इलाके में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नाक में दम कर रखा था।
ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे
बीती 7 जनवरी को मड़ियांव के रहने वाले आयुष यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी डेयरी से 12 हजार रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस चोरी हो गए हैं। अलीगंज पुलिस ने जब जांच शुरू की और मुखबिरों का जाल बिछाया, तो गुरुवार (8 जनवरी) को ईदगाह के पास कूड़ा घर मोड से तीन संदिग्धों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शमद, सलीम और अरशद अली के रूप में हुई है, जो ठाकुरगंज के रईसनगर इलाके के रहने वाले हैं।
“साहब, शटर तोड़कर उड़ाए थे पैसे”
जब पुलिस ने आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले रविन्द्र गार्डन में शटर काटकर चोरी की और फिर उसी रात मड़ियांव में एक दुकान को निशाना बनाया। चोरी किए गए पैसों में से काफी हिस्सा उन्होंने ऐश-ओ-आराम में खर्च कर दिया था।
बरामदगी का विवरण
नकद: 7,420 रुपये (चोरी के बचे हुए पैसे)।
मोबाइल: दो महंगे स्मार्टफोन (Redmi 14 C 5G और OPPO Reno 2)।
दस्तावेज: पीड़ित आयुष यादव का ड्राइविंग लाइसेंस।
वाहन: वारदात में इस्तेमाल होने वाला टाटा मोटर्स इंट्रा V30 ‘डाला’ (UP32SN5265), जिसे पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुराना है अपराध से नाता
पकड़े गए तीनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। अरशद पर हजरतगंज और गोमतीनगर जैसे थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं, वहीं सलीम और शमद भी पहले जेल जा चुके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने शहर में और कितनी जगहों पर हाथ साफ किया है।

