नेपाल से यूपी तक फैला था नशे का जाल, ANTF ने पकड़े बिहार के दो तस्कर, 15 लाख की चरस बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के अभियान में ‘एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स’ (ANTF) को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एएनटीएफ की आगरा यूनिट ने फिरोजाबाद में घेराबंदी कर अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 15 लाख रुपये कीमत की उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद हुई है।

बरी चौराहे के पास दबोचे गए तस्कर

एएनटीएफ की आगरा यूनिट को सूचना मिली थी कि बिहार के रास्ते कुछ तस्कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ लेकर फिरोजाबाद में सप्लाई करने आ रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र के बरी चौराहा (फतेहाबाद रोड) के पास जाल बिछाया। पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को पकड़ा, जिनकी तलाशी लेने पर बैग से 5 किलो 753 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

नेपाल से लाते थे माल, फिरोजाबाद में थी सप्लाई

पकड़े गए तस्करों की पहचान अजय सहनी (36 वर्ष) और सूरज (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ही बिहार के पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने चौंकाने वाले खुलासे किए।

तस्करों ने कुबूला कि वे यह चरस नेपाल से कम दामों में लाते हैं। वे नेपाल से माल लाकर फिरोजाबाद और उसके आसपास के जनपदों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने और अपने परिवार के महंगे शौक पूरे करने के लिए तस्करी के इस काले कारोबार में उतरे थे।

बरामदगी का विवरण

अवैध चरस: 5 किलो 753 ग्राम (अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपये)

मोबाइल: 02 एंड्रॉइड फोन (जिनसे डील की जाती थी)

नकदी: 235 रुपये।

कानूनी कार्रवाई और अगला कदम

इन तस्करों के खिलाफ फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर में मु0अ0सं0 32/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एएनटीएफ अब इस नेटवर्क के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ पर काम कर रही है, यानी यह पता लगाया जा रहा है कि नेपाल में उन्हें माल कौन देता था और फिरोजाबाद में वे इसे किसे सप्लाई करने वाले थे।

Also Read: लखनऊ: इकाना के पीछे सजेगा ‘पक्षियों का संसार’, वेटलैंड की बायो-डायवर्सिटी मैपिंग के निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.