Lucknow News: गाय ने मासूम बच्ची को जमीन पर पटककर बेरहमी से रौंदा, तबेला संचालक पर FIR
Lucknow News: राजधानी के चौपटिया (चौक) इलाके में दो दिन पहले एक बेकाबू गाय ने 14 साल की बच्ची रिद्धिमा उर्फ चिंकी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गाय बच्ची को फुटबॉल की तरह पैरों से कुचलती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों की बहादुरी से बच्ची की जान तो बच गई, लेकिन इस घटना ने इलाके के लोगों में दहशत भर दी है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि रिद्धिमा गली से गुजर रही थी, तभी एक गाय दौड़ती हुई आई और उसे टक्कर मार दी। बच्ची के जमीन पर गिरते ही गाय उसे अपने पैरों तले बेरहमी से कुचलने लगी। शोर सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने गाय को पत्थर मारे और लाठियां दिखाईं, लेकिन गाय बच्ची को छोड़ने को तैयार नहीं थी।
एक बार लोगों ने हिम्मत दिखाकर बच्ची को गाय के नीचे से खींचा, लेकिन गाय दोबारा पलटकर हमले के लिए दौड़ी। इस दौरान रिद्धिमा ने हिम्मत नहीं हारी और घुटनों के बल रेंगते हुए एक खड़ी कार के पीछे छिप गई, जिससे उसकी जान बच सकी।
बच्ची के पिता शैलेंद्र मल्होत्रा ने आक्रोश जताते हुए कहा कि आवारा पशुओं की समस्या यहां सालों से है। उन्होंने कहा, सड़कों पर सांड, गाय और कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है। आज मेरी बेटी बाल-बाल बची है, लेकिन कल किसी और के साथ ऐसा हुआ तो उसका जिम्मेदार कौन होगा? नगर निगम को गहरी नींद से अब तो जागना चाहिए।
लखनऊ में 14 साल की लड़की पर एक गाय ने दौड़ाकर हमला कर दिया। उसे बेरहमी से पैरों तले कुचलने लगी। स्थानीय लोगों ने किसी तरह लड़की की जान बचाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। pic.twitter.com/hzcGPVlD9F
— deep pandey the journalist (@deep90writer) February 3, 2026
अवैध तबेले पर नगर निगम का एक्शन
वीडियो वायरल होने और हंगामा बढ़ने के बाद मंगलवार को नगर निगम की टीम हरकत में आई। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि हमलावर गाय चौपटिया निवासी मुन्ना घोसी की है। जांच में पता चला कि आरोपी ने कूड़ा घर के पास अवैध रूप से तबेला बना रखा है और अपने जानवरों को सड़कों पर खुला छोड़ देता है। नगर निगम ने आरोपी मुन्ना घोसी के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। अवैध तबेले को हटाने और खुले में घूम रहे पशुओं को पकड़ने का अभियान तेज किया गया है।
Also Read: SIR को लेकर चुनाव आयोग को छह पत्र लिखे लेकिन कोई जवाब नहीं मिला: ममता बनर्जी

