Amethi News: खेत में खून से लथपथ मिला शव, दलित युवक की हत्या से मचा हड़कंप

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी जिले के मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लीही गांव में बीती रात एक दलित अधेड़ की निर्मम हत्या कर दी गई।

सुबह खेत में शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिव प्रसाद (54) पुत्र श्रीनाथ के रूप में हुई है। वह गांव से बाहर खेत में सूअर पालन का कार्य करता था और रात में वहीं सो रहा था।

आरोप है कि अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना का खुलासा तब हुआ, जब सुबह ग्रामीण शौच के लिए खेतों की ओर गए और शव देखा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

मोहनगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया जा रहा है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

वहीं, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और हत्या के मामले का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच में जुटी है।

रिपोर्ट- राम धीरज यादव

Also Read: नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत कई दिग्गजों ने थामा सपा का हाथ, अखिलेश की मौजूदगी में ली सदस्यता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.