महोबा में मां ने डेढ़ साल की बेटी को मार डाला, 5 बेटियां होने पर पति-ससुराल करते थे प्रताड़ित

Mahoba Crime News: उत्तर प्रदेश के महोबा में एक मां पर अपनी ही डेढ़ साल की बेटी का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। चरखारी कोतवाली क्षेत्र के चिंतेपुरा मोहल्ले में हुई इस घटना के पीछे पारिवारिक प्रताड़ना और महिला की मानसिक परेशानी की बात सामने आई है। महिला की पांच बेटियां हैं। उसके मामा का आरोप है कि बेटा न होने के कारण पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे।

आरोपी महिला पूजा पिछले करीब सात महीने से अपने मायके में रह रही थी। मंगलवार को घर के अन्य सदस्य खेत गए हुए थे। इसी दौरान बच्ची आराध्या लगातार रो रही थी। आरोप है कि इससे परेशान होकर पूजा ने उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने बच्ची के शव पर चादर डाल दी और घंटों उसके पास ही लेटी रही।

मामा के घर लौटने पर खुला मामला

पूजा के मामा दीपक के मुताबिक, देर शाम जब वह खेत से घर लौटे तो उन्हें कुछ शक हुआ। उन्होंने बच्ची के ऊपर से चादर हटाई तो आराध्या मृत मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान भी बताए गए हैं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की और साक्ष्य जुटाए। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मां को हिरासत में लिया

सीओ तेजप्रकाश सिंह ने बताया कि बच्ची के रोने पर डिप्रेशन से जूझ रही मां ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। मामले में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: शिवा शर्मा हत्याकांड: जेल की नई दिनचर्या में खुद को ढाल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.