Bulandshahr News: होली पर दबंगों का तांडव, सरेराह युवक की गोली मारकर हत्या
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में होली के त्योहार के बीच माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की गई। रंग और उमंग के इस पर्व पर उस वक्त सन्नाटा पसर गया जब होली की पूजा कर घर लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जहां एक ओर लोग होली की खुशियां मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर एक परिवार के घर में मातम छा गया। घटना के बाद परिवारीजनों और गांववालों में आक्रोश फैल गया है।
पूजा से लौटते वक्त हुआ हमला
सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव जौल निवासी 40 वर्षीय अनिल भाटी सुबह घर से होली पूजा के लिए निकले थे। परिजनों के अनुसार वह सिकंदराबाद स्थित चामुंडा मंदिर के पास पूजा करने गए थे। पूजा संपन्न करने के बाद जब वह घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बना लिया। हमलावरों ने अनिल के पेट और सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। कुछ ही देर बाद उनका लहूलुहान शव रास्ते में पड़ा मिला।
दरअसल सुबह करीब नौ बजे परिवार को सूचना मिली कि अनिल रास्ते में खून से लथपथ पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
Also Read: असम में चुनावी सरगर्मी तेज, Congress ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची

