Lucknow News: दूसरों की जमीन को अपना बताकर बेचने वाला ‘जालसाज’ गिरफ्तार, पुलिस ने बिछाया जाल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की मड़ियांव पुलिस ने जमीनों की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे की कीमती जमीन के जाली कागजात तैयार किए और स्वयं को असली मालिक बताकर उसे बेचने का प्रयास किया।
क्या है पूरा मामला?
धोखाधड़ी का यह खेल अक्टूबर 2024 में सामने आया था, जब पीड़ित पक्ष ने डाक के माध्यम से पुलिस को प्रार्थना पत्र भेजा था। अभियुक्त ज्ञान सिंह और उसके साथियों (जिनमें पंकज यादव भी शामिल था) ने प्रार्थी की भूमि को बेईमानी और कूटनीति से अपना बताकर फर्जी बैनामा तैयार कराया था। इस शिकायत पर थाना मड़ियांव में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं (318(4)/338/336(3)/340(2) एवं 61(2)) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घर के बाहर से धरा गया ‘पंकज यादव’
मड़ियांव पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार रात करीब 9:00 बजे वांछित अभियुक्त धीरेन्द्र कुमार उर्फ पंकज यादव (35 वर्ष) को उसके निवास स्थान मुबारकपुर (थाना सैरपुर) के बाहर से दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त पेशे से दूध सप्लाई का काम करता है, जिसकी आड़ में वह विवादित जमीनों और धोखाधड़ी के खेल में सक्रिय था।
पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान मानवाधिकार आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विधिक प्रक्रिया पूरी की। अब उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब धीरेन्द्र कुमार के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों और जनपदों से जुटा रही है। साथ ही, इस सिंडिकेट में शामिल अन्य चेहरों और भू-माफियाओं के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है जिन्होंने फर्जी दस्तावेजों के दम पर भोले-भाले खरीदारों और असली जमीन मालिकों को चूना लगाया है।
Also Read: Lucknow News: 15 हजार का इनामी गैंगस्टर हलीम गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने नींबू पार्क के पास दबोचा

