राजस्थान की धरती पर होगा खाकी का मिलन, संभल SP केके बिश्नोई बरेली SP अंशिका वर्मा के साथ लेंगे सात फेरे

Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान की सन सिटी जोधपुर एक बार फिर एक भव्य शाही शादी का गवाह बनने जा रही है। इस बार मिलन होने जा रहा है उत्तर प्रदेश कैडर के दो प्रभावशाली IPS अधिकारियों का। मूलतः बाड़मेर के निवासी और वर्तमान में संभल (UP) के SP केके बिश्नोई और बरेली (UP) की SP अंशिका वर्मा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेंगे। यह शादी प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है और सोशल मीडिया पर भी इसे काफी लोकप्रियता मिल रही है।

बाड़मेर में शुरू हुई रस्में, जोधपुर में होगा रिसेप्शन

केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा की सगाई (दस्तूर) 25 मार्च को संभल में हो चुकी है। अब राजस्थान में वैवाहिक रस्मों का आगाज हो गया है। केके बिश्नोई के पैतृक गांव धोरीमन्ना (बाड़मेर) में आज से घी पिलाने, हल्दी और संगीत के कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। यहां मारवाड़ी परंपराओं की जीती-जागती झलक देखने को मिलेगी। 28 मार्च को बारात सभा का आयोजन होगा। इसके बाद 29 मार्च को बारात बाड़मेर से जोधपुर के लिए रवाना होगी।

30 मार्च को लहरिया रिसोर्ट में जुटेगा दिग्गजों का जमावड़ा

विवाह का मुख्य समारोह और रिसेप्शन 30 मार्च को जोधपुर के प्रसिद्ध लहरिया रिसोर्ट में आयोजित किया जाएगा। इस हाई-प्रोफाइल शादी में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कई दिग्गज राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी (IAS/IPS) और वीवीआईपी (VVIP) मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रशासनिक अधिकारियों के लिए यह एक मिलन-जुलन का अवसर भी बन सकता है।

दोनों अधिकारियों की जोड़ी सोशल मीडिया और प्रशासनिक गलियारों में काफी लोकप्रिय है। केके बिश्नोई अपनी कड़क कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं, तो वहीं अंशिका वर्मा अपनी कार्यकुशलता के लिए चर्चित हैं। संभल में अपनी सक्रियता और सख्ती के लिए पहचाने जाने वाले केके बिश्नोई और बरेली में अपने कर्तव्यनिष्ठा के लिए मशहूर अंशिका वर्मा की यह जोड़ी अब एक नए जीवन की शुरुआत करने जा रही है।

Also Read: गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, पुलिस करे सख्त कार्रवाई: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.