स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, अग्रिम जमानत को SC में चुनौती

Sandesh Wahak Digital Desk: ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती (Swami Avimukteshwaranand) और उनके शिष्य मुकुंदानंद की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अग्रिम जमानत को अब सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। नाबालिग बटुकों के साथ कथित यौन शोषण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

जमानत रद्द करने की मांग

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष और शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी है। याचिका में मांग की गई है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद (Swami Avimukteshwaranand) और उनके शिष्य मुकुंदानंद को दी गई अग्रिम जमानत को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।

आशुतोष ब्रह्मचारी की ओर से उनके वकीलों ने तर्क दिया है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जमानत मंजूर करते समय कानूनी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों को नजरअंदाज किया है। इसी आधार पर इस आदेश को विधि सम्मत तरीके से चुनौती देना जरूरी बताया गया है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली थी राहत

इससे पहले बुधवार 25 मार्च को इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस जितेंद्र कुमार सिन्हा की सिंगल बेंच ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद (Swami Avimukteshwaranand) और उनके शिष्य को अग्रिम जमानत दी थी। अदालत ने कुछ शर्तों के साथ दोनों को गिरफ्तारी से राहत प्रदान की थी।

माघ मेला और महाकुंभ से जुड़ा है मामला

पूरा मामला माघ मेला 2026 और महाकुंभ 2025 के दौरान का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया था कि मठ में रहने वाले नाबालिग बटुकों का यौन उत्पीड़न किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज की विशेष पॉक्सो कोर्ट ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था, जिसके बाद झूंसी पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

फिलहाल इस पूरे मामले में अब सबकी नजर सुप्रीम कोर्ट पर टिकी हुई है। यदि सुप्रीम कोर्ट इस याचिका को स्वीकार कर सुनवाई करता है, तो आने वाले दिनों में इस मामले की दिशा बदल सकती है। फिलहाल हाईकोर्ट के आदेश के चलते दोनों की गिरफ्तारी पर रोक बरकरार है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट का रुख इस केस में निर्णायक साबित हो सकता है।

 

Also Read: राजस्थान की धरती पर होगा खाकी का मिलन, संभल SP केके बिश्नोई बरेली SP अंशिका वर्मा के साथ लेंगे सात फेरे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.