Kaushambi News: पिकअप और ट्राला की भिड़ंत में 7 श्रद्धालुओं की मौत, कई बच्चे और महिलाएं घायल
Kaushambi News: रामनवमी के पावन पर्व पर मां के दर्शन करने की खुशी मातम में बदल गई। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में सात श्रद्धालुओं की जान चली गई। पिकअप और खड़े ट्राला के बीच हुई इस टक्कर में गाड़ी के परखचे उड़ गए और हाईवे पर चीख-पुकार मच गई।
मां शीतला के दर्शन कर लौट रहे थे ग्रामीण
हादसे का शिकार हुए सभी लोग फतेहपुर जिले के मलवा क्षेत्र के बड़ोखर गांव के रहने वाले थे। रामनवमी के अवसर पर गांव के करीब 25 लोगों ने पिकअप बुक की थी और सुबह खुशी-खुशी कड़ा धाम स्थित मां शीतला के दर्शन करने आए थे। श्रद्धा और उत्साह के साथ दर्शन करने के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
अनियंत्रित होकर ट्राला में जा घुसी पिकअप
हादसा दोपहर करीब पौने चार बजे डोरमा पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे एक ट्राला खड़ा था, तभी सैनी की तरफ जा रही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित हो गई और पीछे से सीधे ट्राला में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। पिकअप में सवार महिलाएं और बच्चे खून से लथपथ होकर मदद की गुहार लगा रहे थे। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल चार एंबुलेंस मौके पर भेजीं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दुखद बात यह रही कि इलाज के लिए जाते समय सात लोगों ने दम तोड़ दिया।
Also Read: NSEL घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 19.12 करोड़ की संपत्ति अटैच

