Bareilly News: पुलिस और गौकशों के बीच मुठभेड़, 2 घायलों समेत 4 गिरफ्तार, सिपाही को भी लगी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद बरेली के थाना बहेड़ी क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और शातिर गौकशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। उत्तमनगर रोड पर हुई इस फायरिंग में दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी है, जबकि बदमाशों की गोली से एक मुख्य आरक्षी (HC) भी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से घेराबंदी कर कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो क्षेत्र में सक्रिय गौकशी गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं।

मुठभेड़ का घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार, 24/25 मार्च की रात श्यामाचरण गोटिया के जंगल में हुई गौकशी की घटना के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में थीं। शुक्रवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि वही गैंग दोबारा किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस ने उत्तमनगर रोड स्थित नहर पुलिया के पास चेकिंग शुरू की। तभी एक नीले-सफेद रंग का टेंपो आता दिखा। रोकने का इशारा करने पर बदमाशों ने टेंपो को नहर की पटरी की ओर दौड़ा दिया। लगभग 400 मीटर आगे टेंपो फंसने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में HC 1015 सरजीत सिंह घायल हो गए।

जवाबी कार्रवाई और गिरफ्तारी

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो अभियुक्त फैजान और लईक के पैर में गोली लगी। वहीं, भागने का प्रयास कर रहे सद्दाम और रवि को पुलिस ने दबोच लिया। घायल पुलिसकर्मी और अभियुक्तों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

भारी मात्रा में बरामदगी

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने हथियारों और उपकरणों का जखीरा बरामद किया है।

असलाह: 02 तमंचे (315 बोर), 01 तमंचा (12 बोर), 01 रिवाल्वर (7.63 बोर) और भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस।

वाहन व अन्य: घटना में प्रयुक्त एक टेंपो, 03 मोबाइल फोन, ₹10,000 नकद और पशु वध में इस्तेमाल होने वाले धारदार उपकरण।

अभियुक्तों का प्रोफाइल

फैजान (24 वर्ष): निवासी इस्लामनगर, बहेड़ी (घायल)।

लईक (36 वर्ष): निवासी ग्राम जाफरपुर, शीशगढ़ (घायल)।

सद्दाम (28 वर्ष): निवासी राजा नगर, बहेड़ी।

रवि (26 वर्ष): निवासी श्याम चरण गोटिया, बहेड़ी।

बरेली पुलिस के अनुसार, इस गैंग की गिरफ्तारी से क्षेत्र में पशु चोरी और गौकशी की घटनाओं पर लगाम लगेगी। पकड़े गए अभियुक्तों पर पूर्व में दर्ज मुकदमों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

Also Read: Kaushambi News: पिकअप और ट्राला की भिड़ंत में 7 श्रद्धालुओं की मौत, कई बच्चे और महिलाएं घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.