कैसरगंज में जंगली जानवर का आतंक, युवक पर हमला कर किया लहूलुहान, इलाके में ‘हाई अलर्ट’
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जनपद के कैसरगंज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बभनान पुरवा गोडहिया नंबर 1 में शुक्रवार दोपहर एक अज्ञात जंगली जानवर ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है, जबकि वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी है।
खेत की ओर जाते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 3 बजे 31 वर्षीय राकेश कुमार (पुत्र जानकी प्रसाद) गांव के पास थे, तभी झाड़ियों में छिपे एक जंगली जानवर ने उन पर झपट्टा मार दिया। हमले में राकेश की कमर पर जानवर के दांतों के गहरे घाव हुए हैं, वहीं जांघ पर पंजों और नाखूनों के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद जानवर जंगल की ओर भाग निकला। घायल को तुरंत सीएचसी कैसरगंज ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

प्रशासनिक मुस्तैदी: एसडीएम ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह स्वयं सीएचसी कैसरगंज पहुंचे और घायल राकेश का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए और वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया।
वन विभाग की घेराबंदी और अलर्ट
हमले के बाद क्षेत्र में बाघ या तेंदुए की आहट की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। वन विभाग की टीम रेंजर और अन्य आला अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गई है। जानवर के ‘पगमार्क’ (पदचिह्न) खंगालकर उसे ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है। क्षेत्र के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को अकेले खेत की ओर न जाने और समूह में रहने की सलाह दी गई है।
एसडीएम अखिलेश सिंह ने वन विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि जानवर को जल्द से जल्द चिह्नित कर पकड़ा जाए ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और शांति बहाल हो सके।
Also Read: ‘देखता हूं परसों मेरा जहाज उतरने देते हैं या नहीं’, जेवर एयरपोर्ट को लेकर बोले अखिलेश यादव

