IPL 2026: पहले ही मैच में विराट कोहली रच सकते हैं इतिहास, सिर्फ 29 रनों की दरकार
Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज आज से हो रहा है और पहले ही मुकाबले में विराट कोहली के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले मुकाबले में कोहली अगर 29 रन बना लेते हैं, तो वह टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शोएब मलिक को पीछे छोड़ देंगे।
यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीजन ओपनिंग सेरेमनी नहीं रखी गई है, ऐसे में सभी की निगाहें सीधे मैदान पर होने वाले खेल और रिकॉर्ड्स पर टिकी होंगी।

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 463 मैचों में 14,562 रन बनाए हैं। दूसरे स्थान पर कीरोन पोलार्ड हैं, जिनके नाम 14,482 रन दर्ज हैं। पोलार्ड वर्तमान में मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच हैं।
विराट कोहली फिलहाल इस सूची में सातवें स्थान पर हैं और 414 मैचों की 397 पारियों में 13,543 रन बना चुके हैं।
उनके नाम टी20 क्रिकेट में 9 शतक और 105 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं, शोएब मलिक ने 515 पारियों में 13,571 रन बनाए हैं और वह छठे स्थान पर काबिज हैं।
अगर कोहली आज के मैच में 29 रन बना लेते हैं, तो वह शोएब मलिक को पीछे छोड़ते हुए छठे नंबर पर पहुंच जाएंगे। आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला इस तरह रिकॉर्ड्स के लिहाज से भी बेहद खास होने वाला है।
Also Read: IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी रद्द, BCCI ने बताई बड़ी वजह

