सीतापुर में 803 प्रतिबंधित तोतों के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली भेजने की थी तैयारी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बेजुबान पक्षियों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ की लखनऊ इकाई ने शनिवार शाम सीतापुर के खैराबाद इलाके से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से दुर्लभ रोजरिंग प्रजाति के 803 तोते बरामद हुए हैं। इन तोतों को बेहद क्रूरता के साथ छोटे पिंजरों और झोलों में भरकर तस्करी के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था।
एसटीएफ को पिछले काफी समय से सूचना मिल रही थी कि संरक्षित वन्य जीवों और पक्षियों की तस्करी करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। अपर पुलिस अधीक्षक (STF) श्री अवनीश्वर चन्द्र श्रीवास्तव के निर्देशन में उपनिरीक्षक फैजूद्दीन सिद्दीकी की टीम सीतापुर में जाल बिछाए हुए थी।
मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि खैराबाद के कांशीराम कॉलोनी का रहने वाला शिवम भारी मात्रा में प्रतिबंधित तोते लेकर दिल्ली निकलने वाला है। एसटीएफ ने तत्काल वन विभाग और वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) के साथ मिलकर घेराबंदी की और खैराबाद के शांतिनगर कजियारा से आरोपी को धर दबोचा।
बरामदगी का विवरण
803 तोते: दुर्लभ रोजरिंग प्रजाति के पक्षी।
08 बड़े पिंजरे और 07 झोले: जिनमें पक्षियों को ठूंस-ठूंस कर रखा गया था।

पीढ़ियों से चल रहा था काला कारोबार
पूछताछ के दौरान आरोपी शिवम ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि उसका परिवार कई पीढ़ियों से पक्षियों के व्यापार में शामिल है। ज्यादा मुनाफे के लालच में उसने प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी शुरू कर दी। ये तस्कर लखीमपुर खीरी, पीलीभीत और रामपुर के संरक्षित जंगलों से अवैध रूप से पक्षी पकड़वाते हैं। इन तोतों को उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और दिल्ली के बाजारों में ऊंचे दामों पर बेचा जाता है। गिरफ्तार अभियुक्त शिवम के खिलाफ थाना खैराबाद (सीतापुर) में वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न गंभीर धाराओं (धारा 9, 39, 48A, 50, 51 और 57) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
Also Read: No Kings से गूंजा अमेरिका, ट्रंप की नीतियों और ईरान युद्ध के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों लोग

