IPL 2026: KKR के गेंदबाज पर नकल करने का आरोप, MI के खिलाफ मैच में उठे सवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने थीं।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच के दौरान KKR के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज पेसर डेल स्टेन ने उनके बॉलिंग एक्शन पर सवाल उठाते हुए नकल करने का आरोप लगाया है।

डेल स्टेन ने क्यों उठाए सवाल

डेल स्टेन ने मैच के दौरान कार्तिक त्यागी की गेंदबाजी देखने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी राय साझा की।

स्टेन का कहना था कि कार्तिक के पास गति और कौशल दोनों हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि वे अपनी काबिलियत पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने इशारा किया कि कार्तिक अलग-अलग गेंदबाजों के एक्शन की नकल करने की कोशिश कर रहे हैं।

Kartik Tyagi

स्टेन ने यह भी कहा कि शुरुआती दौर में दूसरे गेंदबाजों से सीखना या उनसे प्रभावित होना गलत नहीं है, लेकिन एक स्तर पर पहुंचने के बाद गेंदबाज को अपना खुद का स्थायी और सहज एक्शन विकसित करना चाहिए।

उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्तिक त्यागी जल्द ही अपनी गेंदबाजी में स्थिरता हासिल करेंगे।

MI के खिलाफ कैसा रहा प्रदर्शन

मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस मुकाबले में कार्तिक त्यागी को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान में उतारा गया था। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 43 रन खर्च किए और सिर्फ एक विकेट हासिल किया।

उनका इकॉनमी रेट 10.75 रहा। इस दौरान उन्होंने सूर्यकुमार यादव का अहम विकेट लिया, लेकिन कुल मिलाकर उनका प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा।

मैच के बाद कार्तिक त्यागी के एक्शन और निरंतरता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि KKR का यह युवा तेज गेंदबाज आने वाले मुकाबलों में इन सवालों का जवाब अपने प्रदर्शन से कैसे देता है।

Also Read: IPL 2026: मुंबई इंडियंस के खिलाफ बीच मैच में रिंकू सिंह बने KKR के कप्तान, जानिए क्या रही वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.