Gonda News: मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
Gonda News: उत्तर प्रदेश के जनपद गोंडा में पुलिस ने एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जो महिलाओं से छिनैती और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था। करनैलगंज कोतवाली पुलिस, एसओजी (SOG) और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में नरायनपुर मांझा के पास इस बदमाश को गोली लगने के बाद पकड़ा गया। गिरफ्तार बदमाश पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध असलहा, एक मोटरसाइकिल और छिनैती के 22,000 रुपये बरामद करने का दावा किया है।
पकड़े गए बदमाश की पहचान अमित तिवारी उर्फ घुरले के रूप में हुई है, जो जनपद गोंडा के ढेहवा करनीपुर, थाना तरबगंज का निवासी है। पुलिस अधीक्षक (SP) विनीत जायसवाल ने बताया कि यह सफलता एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी अभिषेक दवाच्या के नेतृत्व में पुलिस की संयुक्त टीम को मिली है। अमित तिवारी एक शातिर अपराधी है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर महिलाओं के आभूषण नोचकर छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था।
एसपी के अनुसार, यह मामला 19 फरवरी की एक वारदात से जुड़ा है। अंकुश तिवारी ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह अपनी मां के साथ बाइक से एक विवाह कार्यक्रम में जा रहे थे। दोपहर करीब 01:35 बजे चकरौत बाजार से लगभग एक किलोमीटर पहले, पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी मां के कान का झुमका झपट्टा मारकर लूट लिया। इस झपटमारी में उनकी मां का कान भी फट गया और उन्हें काफी चोटें आईं। बदमाश घटना के बाद मौके से फरार हो गए थे।
अंकुश की तहरीर के आधार पर करनैलगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनीत जायसवाल ने चार पुलिस टीमों का गठन किया और एसओजी/सर्विलांस टीम को भी खुलासे में लगाया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास और संभावित स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जाँच कर संदिग्धों को चिन्हित किया। इसी क्रम में, कोतवाली पुलिस टीम ने 27 मार्च को बदमाश विवेक पाण्डेय उर्फ विक्कू निवासी शिवबक्स पुरवा, थाना तरबगंज को कुतुबपुर बंधा मोड़ से गिरफ्तार किया था।
इसी मामले में शातिर अमित तिवारी उर्फ घुरले फरार चल रहा था, जिस पर एसपी ने 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। सोमवार रात, पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि इनामिया बदमाश अमित तिवारी नारायणपुर मांझा की तरफ मोटरसाइकिल से आ रहा है। पुलिस टीम ने नारायणपुर मांझा के पास उसे घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख, बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अमित तिवारी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
उसे तत्काल जिला अस्पताल गोंडा में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली करनैलगंज में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी के अनुसार, अमित तिवारी ने गोंडा के थाना करनैलगंज और थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के साथ-साथ जनपद बस्ती में भी छिनैती की कई घटनाओं को अंजाम दिया है।
Also Read: Lucknow News: एलडीए की नई डिजिटल व्यवस्था, अब ऑनलाइन मिलेगा आवंटन पत्र

