Lucknow News: एलडीए की नई डिजिटल व्यवस्था, अब ऑनलाइन मिलेगा आवंटन पत्र

Lucknow News: लखनऊ विकास प्राधिकरण ने संपत्ति आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब सभी प्रकार की संपत्तियों के आवंटन पत्र ऑनलाइन जारी किए जाएंगे, जिन्हें आवंटी को प्राधिकरण की वेबसाइट से स्वयं डाउनलोड करना होगा। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य न केवल पारदर्शिता बढ़ाना है, बल्कि आवंटियों को होने वाली असुविधाओं और धोखाधड़ी के मामलों पर भी रोक लगाना है।

3 माह की समयसीमा

एलडीए द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यदि कोई आवंटी आवंटन पत्र जारी होने के तीन माह के भीतर उसे डाउनलोड नहीं करता है, तो उसका आवंटन स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा। इस प्रक्रिया में आवंटी को अलग से कोई नोटिस नहीं दिया जाएगा। निरस्तीकरण के बाद आवंटी द्वारा जमा की गई पंजीकरण धनराशि से नियमानुसार कटौती करते हुए शेष धनराशि वापस कर दी जाएगी।

प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण समय-समय पर लॉटरी, ई-ऑक्शन और पहले आओ-पहले पाओ योजना के तहत संपत्तियों का आवंटन करता है, लेकिन पुरानी व्यवस्था में आवंटन पत्र रजिस्टर्ड डाक से भेजे जाते थे।

होती थी देरी और धोखाधड़ी की आशंका

पहले की व्यवस्था में कई बार आवंटियों को समय पर आवंटन पत्र नहीं मिल पाता था, जिससे उन्हें प्राधिकरण के कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। इसके अलावा कुछ मामलों में जालसाजों द्वारा फर्जी आवंटन पत्र देकर लोगों से धोखाधड़ी करने की कोशिश भी सामने आई थी।

नई व्यवस्था के तहत अब सभी आवंटन पत्र एलडीए की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे और इसकी सूचना आवंटी के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज के माध्यम से दी जाएगी। आवंटी को स्वयं वेबसाइट पर जाकर अपना आवंटन पत्र डाउनलोड करना होगा।

आवंटियों से समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आवंटियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवंटन पत्र डाउनलोड कर आवश्यक धनराशि जमा कराने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें आवंटन निरस्तीकरण जैसी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

 

Also Read: Naseem Shah: नसीम शाह पर लगा 2 करोड़ का जुर्माना, PCB ने दी कड़ी सजा, जानें क्या है वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.