सिस्टम से हारकर IAS रिंकू सिंह राही ने छोड़ी नौकरी, बोले- खाली बैठने की सजा मंजूर नहीं

Lucknow News: उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही (2022 बैच) ने आखिरकार सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। कभी भ्रष्टाचार के खिलाफ 7 गोलियां खाकर मौत को मात देने वाले राही ने इस बार किसी हमले से नहीं, बल्कि व्यवस्था की अनदेखी से तंग आकर यह कदम उठाया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रिंकू सिंह राही पिछले काफी समय से बिना किसी जिम्मेदारी के अटैच चल रहे थे। अपने इस्तीफे में उन्होंने बेहद मार्मिक और बेबाक बात कही है। उन्होंने लिखा, मुझे लंबे समय से कोई पोस्टिंग या काम नहीं दिया जा रहा था। मैं संबद्ध तो था, लेकिन जनसेवा का कोई मौका नहीं मिला। केवल वेतन लेते रहना और खाली बैठे रहना मेरे सिद्धांतों के खिलाफ है।

शाहजहांपुर का वो चर्चित उठक-बैठक कांड

जुलाई 2025 में रिंकू सिंह राही तब देश भर की सुर्खियों में आए थे, जब वे शाहजहांपुर के पुवायां में एसडीएम थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुछ लोगों को खुले में पेशाब करते देखा और उन्हें सजा के तौर पर उठक-बैठक करा दी।

उनमें से एक व्यक्ति वकीलों का मुंशी निकला, जिससे विवाद बढ़ गया। जब वकील धरने पर बैठ गए, तो रिंकू सिंह खुद वहां पहुंचे और बहस के बीच विरोध स्वरूप खुद ही कान पकड़कर उठक-बैठक लगाने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ था, जिसके बाद शासन ने उन्हें पद से हटाकर राजस्व परिषद से संबद्ध (Attach) कर दिया था।

मौत के मुंह से लौटकर आए थे राही

रिंकू सिंह राही का करियर किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं रहा।

2009 का मुजफ्फरनगर घोटाला: उस वक्त वे समाज कल्याण विभाग में थे। उन्होंने 100 करोड़ रुपये के घोटाले की पोल खोली थी।

जानलेवा हमला: घोटाले का खुलासा करने की सजा उन्हें यह मिली कि उन पर सरेआम गोलियां बरसाई गईं। उन्हें 7 गोलियां लगी थीं, चेहरा तक खराब हो गया था, लेकिन वे हार नहीं माने और ठीक होकर वापस लौटे।

शाहजहांपुर की घटना के बाद से ही उन्हें साइडलाइन कर दिया गया था। करीब आठ महीने तक बिना किसी महत्वपूर्ण कार्यभार के रहने के बाद, उन्होंने इसे अपनी नैतिकता का अपमान माना और जनसेवा के लिए दूसरा रास्ता चुनने का फैसला किया।

Also Read: Shahjahanpur News: कछियानी में शोले जैसा नजारा, शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.