सूरत में रसोई गैस रिसाव से घर में भड़की आग, एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जले
Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के सूरत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शहर के लिंबायत इलाके की मीठी खाड़ी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक घर में लगी भीषण आग ने एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। इस हृदयविदारक हादसे में 4 साल के मासूम बच्चे समेत परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो गई।
घटना सुबह करीब 11 बजे की है। बैठी कॉलोनी स्थित एक दो मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर परिवार की महिलाएं रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव (Leakage) हुआ और देखते ही देखते पूरे घर में आग फैल गई। घर के अंदर साड़ियों पर डिजाइनिंग और स्टिचिंग का काम होता था, जिसके चलते वहां भारी मात्रा में कपड़ा और केमिकल के ड्रम रखे हुए थे।
मौत का जाल बनीं साड़ियां और केमिकल
सूरत के इस इलाके में ज्यादातर घरों में पॉलिएस्टर साड़ियों का काम होता है। इन साड़ियों में इस्तेमाल होने वाले केमिकल और ऑयल ने आग में घी का काम किया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। चंद मिनटों में ही पूरी इमारत धुएं के गुबार और आग की लपटों से घिर गई।
अपनों को बचाने का मौका भी नहीं मिला
जब तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, घर के सभी सदस्य बेहोश हो चुके थे। उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे के वक्त घर में कोई भी पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था, वे सभी काम पर गए हुए थे।
मृतकों के नाम
शहनाज बेगम अंसारी (65 वर्ष)
शबीना रमजान अंसारी (28 वर्ष)
खुशनुमा अब्दुल अंसारी (19 वर्ष)
हुसैना बेगम अंसारी (18 वर्ष)
मासूम सुभान रमजान अंसारी (4 वर्ष)

