Bareilly News: अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गैंग का पर्दाफाश, पांच सक्रिय सदस्य गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जनपद की कैंट पुलिस ने एक ऐसे संगठित अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़ किया है, जिसके तार चीन और नेपाल से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने गैंग के 5 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी ट्रस्ट और कॉर्पोरेट खातों के जरिए देश भर में ठगी का जाल फैलाए हुए थे। जांच में इनके 22 बैंक खातों में 524 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं और 1.55 करोड़ रुपये तक के ट्रांजैक्शन का विवरण सामने आया है।

चीन के ‘ऑपरेटर’ और भारत का ‘पैनल’: ऐसे चलता था खेल

पकड़े गए मुख्य आरोपी शाकिब अली ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि इस पूरे खेल के मास्टरमाइंड चीन के ऑपरेटर हैं, जो नेपाल जैसे पड़ोसी देशों में अपने ठिकाने बनाकर ‘पैनल’ के जरिए भारत में साइबर अपराध को अंजाम देते हैं।

पैनल: भारत में ठगी को ऑपरेट करने वाले सदस्य।

जेट: जो पैनल के निर्देशों पर काम करते हैं (शाकिब इसी स्तर पर था)।

मीडिएटर: जो एजेंटों के लिए फर्जी ट्रस्ट और कॉर्पोरेट खातों का इंतजाम करते हैं।

होल्डर: जिनके बैंक खातों (जैसे ट्रस्ट के खाते) में ठगी का पैसा आता है।

ठगी का हाई-टेक तरीका: ‘SMS Listener’ एपीके फाइल

यह गैंग एपीके फाइल (SMS Listener) के माध्यम से लोगों के मोबाइल का एक्सेस ले लेता था। इससे उनके बैंकिंग एसएमएस सीधे आरोपियों के पास पहुँच जाते थे। एपीके फाइल के कंट्रोल से ठगी की रकम को एक ही क्लिक में सैकड़ों ‘बेनिफिशियरी’ खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके।

स्कोरपियो से चल रहा था ठगी का नेटवर्क

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक काली स्कार्पियो कार को घेराबंदी कर पकड़ा। कार में सवार आरोपी विभिन्न स्थानों पर घूम-घूम कर लोकेशन बदलते हुए ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों के पास से ‘डिजिटल अरेस्ट’ से संबंधित डेटा भी बरामद हुआ है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

शाकिब अली: निवासी फरीदपुर, बरेली।

राजकुमार: निवासी भमौरा, बरेली।

सचेन्द्र कुमार: निवासी अम्बेडकरनगर (ट्रस्ट खाता होल्डर)।

आशीष सिंह: निवासी सुभाषनगर, बरेली।

बबलू उर्फ माधोराम: निवासी बाराबंकी (मीडिएटर)।

बरामदगी का ब्यौरा

पुलिस ने आरोपियों के पास से अपराध में प्रयुक्त निम्नलिखित सामान बरामद किया है:

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: 01 लैपटॉप, 07 मोबाइल फोन।

बैंकिंग दस्तावेज: 03 चेकबुक, 11 क्रेडिट/डेबिट कार्ड, ट्रस्ट की मोहर और संबंधित कागजात।

वाहन व असलहे: 01 स्कार्पियो कार, 02 अवैध तमंचे (315 बोर) और 04 जिंदा कारतूस।

पुलिस टीम की सफलता

एसएसपी बरेली के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर, उ.नि. रोहित तोमर, उ.नि. राजीव पटेल और उनकी टीम ने इस जटिल नेटवर्क का अनावरण किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

Also Read: Siddharthnagar News: डीएम की दोटूक- भूमि विवादों के लिए मौके पर जाएं लेखपाल, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.