Bareilly News: आंवला मर्डर केस का खुलासा, बदला लेने की रंजिश में मारी थी गोली, 2 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के थाना भमोरा पुलिस ने 18 अप्रैल को हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है। इनके पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं।

क्या थी पूरी घटना?

बीती 18 अप्रैल को ग्राम भीकमपुर के रहने वाले कल्याण सिंह (48 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई धर्मपाल ने तहरीर देकर बताया था कि आरोपी फूल सिंह और जीराज ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर झाड़ियों में घात लगाकर कल्याण पर हमला किया। जब धर्मपाल ने शोर मचाया, तो आरोपियों ने उस पर भी फायरिंग की और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

भमोरा पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। गुरुवार को थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बल्लिया से दातागंज जाने वाले रास्ते पर एक खाली पड़े ईंट भट्टे के पास से दो आरोपियों नरवीर (निवासी भीकमपुर) और फूल सिंह (निवासी भीकमपुर) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

गिरफ्तार आरोपी फूल सिंह ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले कुड्डा बाजार में मृतक के भाई धर्मपाल के साथ मारपीट हुई थी, जिसके बाद से कल्याण रंजिश रखने लगा था। हाल ही में कल्याण और जीराज के बीच भी झगड़ा हुआ था, जिसमें कल्याण ने जीराज को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी डर और रंजिश के चलते आरोपियों ने मिलकर कल्याण की हत्या का प्लान बनाया और सुबह खेत पर आते समय उसे गोली मार दी।

Also Read: Bareilly News: जननायक एक्सप्रेस में 70 बच्चों की तस्करी की सूचना से हड़कंप, छानबीन में सामने आई सच्चाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.