सड़क दुर्घटना में बागेश्वर धाम से लौट रहे कार सवार 4 लोगों की मौत, एक महिला की हालत नाजुक

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रविवार दोपहर एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे कार सवार श्रद्धालु कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) पर मौदहा कोतवाली क्षेत्र के छिरका गांव के पास एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गए। डंपर और कार के बीच हुई इस आमने-सामने की भीषण टक्कर में कार सवार दंपति समेत चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में तीन लोग कानपुर और कार चालक लखनऊ का रहने वाला था।

ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा रविवार दोपहर करीब एक बजे के आसपास हुआ। बागेश्वर धाम से आ रही वैगनआर कार जैसे ही छिरका गांव के नजदीक पहुंची, तभी आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में कार सामने से आ रहे अनियंत्रित डंपर से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग भीतर ही फंस गए।

हादसे में नरेंद्र कुमार (55 वर्ष) निवासी- सिग्नेचर सिटी, नवाबगंज, कानपुर, रेखा (52 वर्ष) पत्नी नरेंद्र कुमार, निवासी- नवाबगंज, कानपुर, राजकपूर (57 वर्ष) निवासी- सिग्नेचर सिटी, नवाबगंज, कानपुर और आयुष चौहान (कार चालक) निवासी- लखनऊ की मौत हो गई है। वहीं मीना (54 वर्ष) पत्नी राजकपूर, निवासी- नवाबगंज, कानपुर गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।

हादसे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) एके वर्मा भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे शवों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महिला मीना को तुरंत मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानपुर व लखनऊ में रहने वाले मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही पीड़ितों के घरों में कोहराम मच गया है।

Also Read: ‘हजारों लीटर पेट्रोल-डीजल बचेंगे…’, बिना दर्शकों के IPL कराने की मांग CTI ने खेल मंत्री को लिखा पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.