Meta में AI की वजह से बड़ी छंटनी शुरू, 8 हजार कर्मचारियों की नौकरी पर संकट
Meta Layoff News : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता प्रभाव अब नौकरी बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। अमेजन, IBM और इन्फोसिस जैसी बड़ी कंपनियों के बाद अब Meta ने भी बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। कंपनी दुनियाभर में करीब 8 हजार पदों में कटौती की योजना पर काम कर रही है।
इसकी शुरुआत Meta के एशियाई हब सिंगापुर से की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 मई को सुबह करीब 4 बजे कर्मचारियों को ईमेल के जरिए इस फैसले की जानकारी दी गई। इसके बाद यूरोप और अमेरिका में भी कर्मचारियों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रभावित कर्मचारियों को फिलहाल वर्क फ्रॉम होम करने के निर्देश दिए गए हैं।
इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट टीमों पर सबसे ज्यादा असर
यह छंटनी खासतौर पर इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट टीमों को प्रभावित कर रही है। Meta का सिंगापुर कार्यालय एशिया में कंपनी का एक अहम परिचालन केंद्र है, इसलिए इसका असर सबसे पहले वहीं देखने को मिला।
Meta इस साल AI तकनीक पर 100 बिलियन डॉलर से अधिक निवेश करने की तैयारी में है। कंपनी अब AI-फर्स्ट स्ट्रक्चर की ओर तेजी से बढ़ रही है, जिसके तहत संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। इसी रणनीति के तहत कंपनी ने चार नई AI-नेटिव टीमों का गठन किया है और मैनेजमेंट लेयर को छोटा किया जा रहा है, ताकि फैसले तेजी से लिए जा सकें।
कंपनी को उम्मीद है कि इन बदलावों से हर साल करीब 3 बिलियन डॉलर की बचत होगी।
कर्मचारियों में बढ़ी चिंता
Meta के इस फैसले के बाद कर्मचारियों के बीच नौकरी को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर तकनीकी टीमों में काम करने वाले कर्मचारियों पर इसका मानसिक दबाव देखा जा रहा है। लगातार छंटनी की खबरों से कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
कुछ कर्मचारियों ने कंपनी के इस फैसले पर नाराजगी भी जताई है। AI के बढ़ते इस्तेमाल के साथ कंपनियों के काम करने के तरीके में तेजी से बदलाव आ रहा है, लेकिन इसका असर अब सीधे रोजगार पर भी दिखाई देने लगा है।

