पुलिस ने लखनऊ में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक को दबोचा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बक्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने लखनऊ में अवैध रूप से निवास कर रहे एक बांग्लादेशी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस विदेशी नागरिक ने न केवल भारत में अवैध पनाह ले रखी थी, बल्कि जालसाजी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए भारतीय नागरिकता से जुड़े तमाम अहम दस्तावेज भी हासिल कर लिए थे।
बीकेटी पुलिस को इस धोखाधड़ी की भनक उस समय लगी जब उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार ने 16 मई को थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अरूप बख्शी, जो कि मूल रूप से देवभोग, जिला नरैल (बांग्लादेश) का रहने वाला है, लखनऊ के मूसानगर अस्ति रोड इलाके में छिपकर रह रहा था। इतना ही नहीं, वह खुद को भारतीय नागरिक बताकर क्षेत्र में एक छोटी क्लीनिकनुमा दुकान खोलकर बैठ गया था और स्थानीय लोगों को दवाइयां व इलाज मुहैया करा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर फ्लाईओवर के नीचे से हुई गिरफ्तारी
इस मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस टीम को बुधवार को दोपहर करीब 2:10 बजे एक सटीक सूचना मिली। मुखबिर खास की इत्तला पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने किसान पथ स्थित विपश्यना ध्यान केंद्र फ्लाईओवर के नीचे घेराबंदी की और अभियुक्त अरूप बख्शी (उम्र करीब 37 वर्ष) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक फर्जी पहचान पत्र, एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और 300 रुपये की नकदी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि उसने फर्जीवाड़ा करके भारतीय मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र और भारतीय पासपोर्ट तैयार करवाए थे ताकि वह कानून की नजरों से बचकर यहां रह सके। आरोपी के खिलाफ थाना बीकेटी में मुकदमा अपराध संख्या 183/2026 के तहत आईपीसी की धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 14(ग) विदेशियों विषयक अधिनियम 1946 के तहत केस दर्ज किया गया है।
इस शातिर घुसपैठिए को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली बीकेटी पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामबालक सिंह, उपनिरीक्षक प्रतीक कुमार शर्मा, कांस्टेबल साजिन्द्र पालीवाल, कांस्टेबल देवराज सिंह, कांस्टेबल अंशु कुमार और चालक कांस्टेबल दिलीप कुमार शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी के स्थानीय संपर्कों और फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।

