टीम इंडिया की उपकप्तानी से क्यों हटाए गए ऋषभ पंत? चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने बताई वजह

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी।

मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया, जिसमें टेस्ट स्क्वाड में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला।

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टेस्ट टीम की उपकप्तानी से हटा दिया गया है, जबकि केएल राहुल को नया उपकप्तान बनाया गया है।

टेस्ट टीम की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में ही रहेगी, लेकिन ऋषभ पंत को उपकप्तानी से हटाए जाने को लेकर कई सवाल खड़े हो गए थे। अब इस फैसले पर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने खुलकर स्थिति स्पष्ट की है।

पंत से क्यों छीनी गई उपकप्तानी?

टीम चयन के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजीत अगरकर ने कहा कि चयन समिति चाहती है कि ऋषभ पंत बिना किसी अतिरिक्त दबाव के अपने खेल पर फोकस करें।

Rishabh Pant

उन्होंने कहा,“ऋषभ पंत टेस्ट फॉर्मेट के एक शानदार खिलाड़ी हैं। हम चाहते हैं कि वह उसी तरह का प्रदर्शन करें, जिसके लिए वह जाने जाते हैं। उनकी टेस्ट टीम में जगह को लेकर कोई सवाल नहीं है, लेकिन फिलहाल उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त रखा गया है।”

वनडे टीम से भी बाहर पंत

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऋषभ पंत को टीम में शामिल नहीं किया गया है। इस पर भी अगरकर ने बताया कि वनडे टीम इस समय एक नई दिशा में आगे बढ़ रही है और विकेटकीपर के तौर पर दो नए विकल्पों को आजमाया गया है।

वनडे स्क्वाड में विकेटकीपर की जिम्मेदारी केएल राहुल और ईशान किशन को सौंपी गई है।

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम

भारतीय वनडे टीम में शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे को शामिल किया गया है।

चयन समिति के इस फैसले को टीम मैनेजमेंट द्वारा भविष्य की रणनीति और खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट के तौर पर देखा जा रहा है।

Also Read: BAN vs PAK: पाकिस्तान की शर्मनाक हार, बांग्लादेश ने टेस्ट सीरीज में किया क्लीन स्वीप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.