आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डंपर से टक्कर के बाद बस में लगी आग, 2 की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
थाना मटसेना क्षेत्र में पिलर नंबर 46 किलोमीटर के पास कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक निजी डबल डेकर बस की सड़क पर पलटे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जबकि बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई।
नगर मजिस्ट्रेट के अनुसार, पांच घायलों को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज और 15 घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाया गया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

चश्मदीदों की आपबीती
घायल महिला यात्री उषा ने बताया कि बस में 40–45 यात्री सवार थे। “आगे सड़क पर एक डंपर पलटा हुआ था, उसी से हमारी बस टकरा गई। आग लगते ही शीशे तोड़कर पीछे से हमें बाहर निकाला गया”।
वहीं, यात्री सत्य बिश्नोई ने बताया, “हम सो रहे थे, तभी लोगों ने जगाया कि बस में आग लग रही है। बस पहले लहराई और फिर डिवाइडर से टकरा गई।”
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
Also Read: Agra News: यूपी एसटीएफ के हत्थे लगा हरियाणा का कुख्यात सांसी गैंग का शातिर बदमाश

