Siddharthnagar News: बांसी में नवनियुक्त सभासदों ने ली शपथ, 71 परिवारों को मिला अपना आशियाना
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के अंतर्गत आने वाली आदर्श नगर पालिका परिषद बांसी में शनिवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह में दो महत्वपूर्ण कार्य एक साथ संपन्न हुए पहला, शासन द्वारा मनोनीत नए सभासदों का शपथ ग्रहण और दूसरा, गरीब परिवारों को उनके हक का मकान सौंपना। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल, स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री जय प्रताप सिंह, एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने शिरकत की।

छह मनोनीत पार्षदों ने उठाई विकास की जिम्मेदारी
समारोह के दौरान शासन द्वारा नामित किए गए कुल छह सभासदों सुशीला, राजाराम, मंगल चौरसिया, विरेन्द्र प्रताप, नंदनी श्रीवास्तव और घनश्याम जायसवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मंच पर मौजूद अतिथियों ने सभी नए जनप्रतिधियों को माला पहनाकर बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे बांसी नगर के विकास को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।

71 लाभार्थियों को मिले घर के कागज
इस मौके पर कांशीराम शहरी आवास योजना के तहत चुने गए 71 जरूरतमंद लाभार्थियों को उनके आवास का प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) सौंपा गया। अपना पक्का घर मिलने की खुशी लाभार्थियों के चेहरों पर साफ देखी जा सकती थी। लोगों ने इस मदद के लिए सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों का आभार जताया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के तौर पर प्रभारी एसडीएम विवेकानंद, नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा और अधिशासी अधिकारी (ईओ) जयप्रकाश सिंह यादव सहित भारी संख्या में स्थानीय सभासद और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Hardoi News : जाने क्यों, अपनी ही पार्टी के नेताओं पर बरसे आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल

