Siddharthnagar News: चोरी की नेपाली बाइक के साथ दबोचा गया शातिर चोर

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले की कपिलवस्तु थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाइक चोरी की एक वारदात का महज 24 घंटे के भीतर भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक आरोपी को धर दबोचा और उसके कब्जे से सरहद पार से चोरी की गई एक नेपाली मोटरसाइकिल भी बरामद करने में सफलता हासिल की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. अभिषेक महाजन के दिशा-निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कपिलवस्तु थाना के प्रभारी निरीक्षक मान सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर पोखरभिटवा-गौरी मार्ग पर स्थित ग्राम रक्सैल के सरकारी ट्यूबवेल के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान अतहर अली उर्फ छोटू (पुत्र मरहम मकसूद आलम) के रूप में हुई है, जो सिद्धार्थनगर के ही थाना चिल्हिया क्षेत्र के बजहा बाजार (टोला बजही) का निवासी है। पुलिस ने जब आरोपी की निशानदेही पर जांच की, तो उसके पास से चोरी की गई नेपाली नंबर की हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (वाहन संख्या: LU 36 PA 480) बरामद हुई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में संबंधित कानूनी धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को जेल (न्यायालय) भेज दिया है। चोरी की वारदात का महज एक दिन में खुलासा करने वाली इस टीम में उपनिरीक्षक सदरूल आलमीन, आरक्षी पवन कुमार और मुख्य आरक्षी उपेन्द्र प्रजापति शामिल रहे।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: जनसुनवाई के दौरान बेहोश हुआ फरियादी, डीएम टैंपो से खुद लेकर पहुंचे अस्पताल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.