Lucknow News: सिगरेट को लेकर हुए विवाद में भाजयुमो नेता शिवम सिंह की ईंट-पत्थरों से कूचकर हत्या

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके विभूतिखंड में कानून-व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के एक नेता की महज सिगरेट न देने के मामूली विवाद में ईंट-पत्थरों से सिर कूचकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अयोध्या निवासी 28 वर्षीय शिवम सिंह के रूप में हुई है, जो भाजयुमो की जिला कमेटी के सक्रिय सदस्य थे। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती शिवम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, शिवम सिंह 25 मई की रात अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने लखनऊ आए थे। सभी लोग विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब में देर रात तक रुके। 26 मई की सुबह करीब 3 बजे जब वे क्लब से बाहर निकले, तो बाइक सवार तीन युवकों ने शिवम से सिगरेट मांगी। शिवम ने पहली बार सिगरेट दे दी, लेकिन दोबारा मांगने पर मना कर दिया। इसी बात पर युवकों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद जब शिवम कार से अपने दोस्तों के साथ लौटने लगे, तो हमलावरों ने कठौता झील रोड स्थित एलपीएस स्कूल के पास उनकी कार को घेर लिया। आरोपियों ने कार पर पथराव शुरू कर दिया और जैसे ही शिवम बाहर निकले, उनके सिर पर ईंटों से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

तड़पते छोड़ भागे दोस्त, राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस

इस पूरी वारदात में सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि हमले के वक्त शिवम के साथ मौजूद उनके दोस्त उन्हें तड़पता हुआ सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। सुबह करीब 4 बजे एक राहगीर ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आनन-फानन में शिवम को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गोमती नगर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया। यहाँ इलाज के दौरान 27 मई की रात को उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने दोस्तों पर लगाया साजिश का आरोप

घटना के बाद मृतक के भाई सौरभ सिंह और परिजनों ने शिवम के दोस्तों और कार ड्राइवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि दोस्तों ने न तो शिवम को बचाने की कोशिश की और न ही परिवार को हादसे की सही जानकारी दी, जिससे पूरी घटना में साजिश की बू आ रही है। विभूतिखंड इंस्पेक्टर अमर सिंह के मुताबिक, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जलवा क्लब और कठौता झील मार्ग पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हत्यारों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

Also Read: सीएम सिद्धारमैया के इस्तीफे का ऐलान, डीके शिवकुमार होंगे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.