नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव और भाई नीलू को 8-8 साल की कैद

Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के चर्चित नाबालिग से दुष्कर्म, डकैती और गैंगस्टर एक्ट के मामले में विशेष अदालत ने शुक्रवार को अपना ऐतिहासिक फैसला सुना दिया है। अपर सत्र न्यायालय फास्ट ट्रैक कोर्ट रजनीश मोहन वर्मा की अदालत ने जेल में बंद मुख्य आरोपी व पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव और उनके छोटे भाई वीरपाल उर्फ नीलू यादव को दोषी पाते हुए आठ-आठ साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कोर्ट ने दोनों दोषियों पर दस-दस लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना भी ठोका है।

साक्ष्य छिपाने वाली पीड़िता की बुआ को भी जेल

अदालत ने इस घिनौने अपराध में सहयोग करने और साक्ष्यों (सबूतों) को मिटाने के आरोप में पीड़िता की बुआ पूजा तोमर को भी बराबर का दोषी माना। कोर्ट ने पूजा तोमर को छह साल की कैद और पांच लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। जुर्माना न भरने पर दोषियों को अतिरिक्त जेल काटनी होगी।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ सजा का ऐलान

इस हाई-प्रोफाइल मामले में सोमवार को कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद नवाब सिंह और नीलू यादव पर आरोप सिद्ध कर दिए थे और सजा के ऐलान के लिए 29 मई की तारीख मुकर्रर की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य आरोपी नवाब सिंह यादव वर्तमान में बांदा जेल में बंद है, जबकि आपराधिक गतिविधियों और साजिश में सहयोग करने का दोषी उसका भाई नीलू यादव कौशाम्बी जेल में निरुद्ध है।

पेशी के दौरान पुलिस से भिड़ गया था नीलू यादव

इससे पहले सोमवार को जब इन दोनों भाइयों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था, तो कचहरी परिसर में भारी हंगामा हुआ था। दोनों की पेशी के वक्त पूरा कचहरी परिसर करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस छावनी में तब्दील रहा। इस दौरान कौशाम्बी जेल से लाए गए नीलू यादव ने कोर्ट परिसर में मौजूद अपने समर्थकों से बातचीत करने और इशारा करने की कोशिश की थी।

जब वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रोटोकॉल का हवाला देकर नीलू को रोका, तो वह आपा खो बैठा और उसकी पुलिसकर्मियों के साथ तीखी झड़प व धक्का-मुक्की हुई थी। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया था। शुक्रवार को सजा के ऐलान के वक्त भी अदालत परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।

Also Read: अफवाहों में न आएं, जरूरत अनुसार ही खरीदें डीजल: डीएम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.