Siddharthnagar News: डीएम ने निर्माणाधीन पुल का किया औचक निरीक्षण, लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति

Siddharthnagar News: जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जीएन ने तेतरी-सोहास-लोटन मार्ग पर बन रहे एक प्रमुख पुल का अचानक निरीक्षण किया। यह पुल गुदराही मोड़ और पीठनी ढाबा के बीच करीब 19.500 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर स्थित है, जिसे 45 से 50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है।

निर्माण में सुस्ती, सिर्फ 10% काम पूरा

निरीक्षण में पता चला कि 18 फरवरी, 2026 को अनुबंध होने के बावजूद अब तक मात्र 10 प्रतिशत काम ही हुआ है। निर्माण स्थल पर केवल 4 मजदूर कार्यरत मिले, जिससे डीएम काफी नाराज हुए। उन्होंने इसे अत्यंत धीमी प्रगति बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है।

डीएम ने निर्माणाधीन पुल का किया औचक निरीक्षण

20 गांवों की जीवनरेखा है यह सड़क

डीएम ने कहा कि यह पुल और मार्ग करीब 20 गांवों को जनपद महराजगंज से जोड़ता है। बरसात से पहले अगर काम पूरा नहीं हुआ तो हजारों लोगों को परेशानी होगी, क्योंकि इस मार्ग का कोई वैकल्पिक लिंक रोड भी नहीं है।

गुणवत्ता और सुरक्षा के सख्त निर्देश

डीएम ने लोक निर्माण विभाग और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और सुरक्षा व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, नियमित निगरानी और बाधाओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता राजकुमार मौर्य, अवर अभियंता लालचंद पटेल तथा कर्मियों मनोज पासवान और सोहनलाल के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: क्या भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी तय? राजीव शुक्ला के बयान से मिले बड़े संकेत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.