टी20 से टेस्ट तक फुल एक्शन! भारत-न्यूजीलैंड सीरीज में 40 दिन का मैराथन शेड्यूल

Sandesh Wahak Digital Desk: न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने टीम इंडिया के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।

भारतीय क्रिकेट टीम इस साल अक्टूबर में न्यूजीलैंड का दौरा करेगी, जहां उसे 40 दिनों के भीतर कुल 12 मुकाबले खेलने हैं। इस लंबे दौरे में दोनों टीमों के बीच 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे।

दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से टी20 सीरीज के साथ होगी, जबकि समापन 27 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के साथ होगा। ICC की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यह पहली बार होगा जब न्यूजीलैंड किसी एक देश के खिलाफ 12 मैचों की द्विपक्षीय सीरीज की मेजबानी करेगा।

7 साल बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट खेलेगी टीम इंडिया

यह बीते 7 वर्षों में पहला मौका होगा जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलेगी।

इससे पहले भारत ने आखिरी बार 2019 में न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेली थी। वहीं, लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में भारतीय टीम 2022 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड में मुकाबले खेलेगी।

22 अक्टूबर से शुरू होगी टी20 सीरीज

टी20 सीरीज के पहले दो मुकाबले 22 और 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेले जाएंगे। तीसरा टी20 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में, चौथा 30 अक्टूबर को ऑकलैंड में और पांचवां व अंतिम टी20 मुकाबला 1 नवंबर को हैमिल्टन में आयोजित होगा।

4 नवंबर से वनडे सीरीज

वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर को ऑकलैंड में होगी। दूसरा वनडे 7 नवंबर को वेलिंगटन, तीसरा 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा।

इसके बाद अंतिम दो वनडे मुकाबले 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगनुई में आयोजित होंगे।

19 नवंबर से टेस्ट सीरीज

वनडे सीरीज समाप्त होने के तीन दिन बाद ही टेस्ट सीरीज शुरू होगी। पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर के बीच वेलिंगटन में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और आखिरी टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच क्राइस्टचर्च में होगा।

करीब 40 दिन लंबे इस दौरे में टीम इंडिया के सामने कड़ा शेड्यूल रहेगा। भारतीय फैंस को इस बहुप्रतीक्षित न्यूजीलैंड दौरे पर टीम से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

Also Read: कंपनियों की लगी लाइन, वैभव सूर्यवंशी की ब्रांड वैल्यू में बंपर उछाल, अब डबल फीस कर रहे चार्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.