कंपनियों की लगी लाइन, वैभव सूर्यवंशी की ब्रांड वैल्यू में बंपर उछाल, अब डबल फीस कर रहे चार्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: महज 13 साल की उम्र में आईपीएल में कदम रखने वाले वैभव सूर्यवंशी अब क्रिकेट के साथ-साथ ब्रांड एंडोर्समेंट की दुनिया में भी बड़ी पहचान बना चुके हैं।
IPL 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ है, जिसका सीधा असर उनकी ब्रांड वैल्यू पर देखने को मिला है।
राजस्थान रॉयल्स ने जब वैभव सूर्यवंशी को 1 करोड़ 10 लाख रुपये में खरीदा था, तब ज्यादातर चर्चा उनकी उम्र को लेकर ही होती थी।
लेकिन अपने पहले ही सीजन में 35 गेंदों पर शतक लगाकर उन्होंने क्रिकेट जगत को चौंका दिया। IPL 2026 में भी वैभव ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा, जिसके बाद अब उन्हें विज्ञापन की दुनिया में ‘हॉट प्रॉपर्टी’ माना जा रहा है।
डबल हुई एंडोर्समेंट फीस
इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आया है कि IPL 2026 से पहले वैभव सूर्यवंशी एक ब्रांड डील के लिए करीब 1 करोड़ रुपये चार्ज कर रहे थे। उन्होंने रेड बुल और कॉम्प्लेन जैसे ब्रांड्स के साथ इसी रेंज में करार किया था।

हालांकि, सीजन खत्म होने के बाद उनकी मांग तेजी से बढ़ी है और अब वह एक ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए करीब 2 करोड़ रुपये तक फीस ले रहे हैं।
देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वैभव को लेकर ब्रांड्स की दिलचस्पी बढ़ी है और कई बड़ी कंपनियां उनसे करार करने की कतार में हैं।
अगर आज नीलामी हो तो 20 करोड़ तक जा सकती है कीमत
क्रिकेट जानकारों का मानना है कि अगर आज वैभव सूर्यवंशी की नीलामी हो, तो उनकी कीमत 20 करोड़ रुपये या उससे भी अधिक जा सकती है।
हालांकि, राजस्थान रॉयल्स उन्हें किसी भी हाल में अपने साथ बनाए रखना चाहेगी।
IPL 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने:
- ऑरेंज कैप
- MVP (मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर)
- इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन
- सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन
जैसे बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए। इसके अलावा उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ा।
वैभव ने 16 पारियों में 776 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल रहे। प्लेऑफ में भी वह शतक से बेहद करीब पहुंचे—एलिमिनेटर में 97 और क्वालीफायर-2 में 96 रन बनाकर आउट हुए।
उन्होंने पूरे सीजन में कुल 72 छक्के लगाए, जिससे उन्होंने क्रिस गेल का 2012 का रिकॉर्ड (59 छक्के) भी पीछे छोड़ दिया।
कम उम्र में इस तरह की सफलता के बाद वैभव सूर्यवंशी न सिर्फ भारतीय क्रिकेट का भविष्य माने जा रहे हैं, बल्कि ब्रांड वर्ल्ड के भी नए सुपरस्टार बनकर उभरे हैं।

